कुंदन कुमार, पटना। राजधानी के अगमकुआं थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया और सड़क पर आगजनी कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आक्रोशित भीड़ का तांडव
हासे से गुस्साए लोगों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए सड़क पर चल रही एक बस को आग के हवाले कर दिया। बस में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया।

मौके पर मची अफरा-तफरी

पुलिस प्रशासन की मौजूदगी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय अगमकुआं थाना की पुलिस और यातायात पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित भीड़ को समझाने और स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास किया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक भीड़ का प्रदर्शन जारी था और लोग शांत होने का नाम नहीं ले रहे थे।
परिजनों और जनता की मुख्य मांगें
प्रदर्शन कर रहे लोगों और मृतक के परिजनों की मुख्य मांग है कि पीड़ित परिवार को तुरंत सरकारी मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात व्यवस्था में कड़े सुधार और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है। पुलिस प्रशासन लगातार भीड़ को समझाने-बुझाने और ट्रैफिक को सामान्य करने की कोशिश में जुटा हुआ है।


