​पटना। बिहार की राजधानी के गर्दनीबाग और एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 22 वर्षीय एक ऑटो चालक, चंदन कुमार की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को तीन टुकड़ों में रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। इस नृशंस हत्याकांड के बाद इलाके में भारी तनाव है और परिजनों ने सिर की बरामदगी की मांग को लेकर अनीसाबाद रोड पर जबरदस्त प्रदर्शन किया।

​मंगलवार से लापता था युवक, चाबी घर पर ही थी

​मृतक चंदन के दादा खीरी राय के अनुसार, चंदन मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपनी मां से 200 रुपये लेकर निकला था। परिवार को लगा कि वह काम पर गया है, लेकिन जब उन्होंने देखा कि ऑटो की चाबी घर पर ही है, तो उन्हें चिंता हुई। रात भर घर न लौटने पर परिजनों ने सोचा कि शायद वह किसी दोस्त के यहां रुक गया होगा। बुधवार को रेलवे ट्रैक पर तीन टुकड़ों में एक क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना मिली, जिसकी पहचान गुरुवार को चंदन के रूप में हुई।

​दोस्त की पत्नी का बड़ा खुलासा: ‘मेरे पति ने ही मारा’

​मामले में तब नया मोड़ आया जब स्थानीय लोगों को पता चला कि चंदन आखिरी बार कौशल नगर निवासी अपने दोस्त छोटू कुमार के साथ देखा गया था। स्थानीय महिलाओं ने संदेही छोटू की पत्नी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की कड़ी पूछताछ में महिला ने कबूल किया कि चंदन की हत्या उसके पति छोटू ने ही की है। हालांकि, हत्या की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस इसे ‘अवैध संबंधों’ से जोड़कर देख रही है।

​सिर की तलाश में जुटी डॉग स्क्वायड

​घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने गुरुवार को अनीसाबाद-फुलवारी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर आगजनी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों की मांग है कि पुलिस चंदन का कटा हुआ सिर (मुंडी) जल्द से जल्द बरामद करे, जो हत्या के बाद से गायब है। एएसपी डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर रास्ता साफ करा दिया गया है। फिलहाल पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील है और डॉग स्क्वायड की मदद से सिर की तलाश की जा रही है।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​गर्दनीबाग थानाध्यक्ष ने जानकारी दी कि मुख्य आरोपी छोटू कुमार फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए IGIMS भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस जघन्य हत्याकांड में क्या छोटू के साथ कुछ और लोग भी शामिल थे।