पटना। जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के दलिसमन चक गांव में 35 वर्षीय विवाहिता पूनम देवी का शव उसके ससुराल के दरवाजे पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतका के मायके वालों ने उसके पति राकेश पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पति द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने और मारपीट से तंग आकर उसने यह कदम उठाया, हालांकि शुरुआती रिपोर्ट्स में जहर खाकर आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद से पति और अन्य ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए हैं।
बेटी के फोन से हुआ घटना का खुलासा
घटना की जानकारी तब मिली जब मृतका की छोटी बेटी गुड़िया ने अपने नाना-नानी को फोन करके अपनी मां की मौत की सूचना दी। बेटी की यह सूचना मिलते ही मायके वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। मृतका का मायका नालंदा जिले के बिहारशरीफ में है। सूचना मिलने के महज दो घंटे के भीतर ही मायके पक्ष के लोग जिनमें मृतका की मां, भाई और पिता शामिल थे नालंदा से बाढ़ के दलिसमन चक गांव पहुंच गए।
जब वे ससुराल पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि घर के बाहर दरवाजे पर पूनम देवी का शव पड़ा हुआ है और उसके पास ही उनकी छोटी बेटी बैठी हुई थी। मौके पर आरोपी पति राकेश या उसका परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, वे सभी घर बंद कर फरार हो चुके थे।
छोटी-छोटी बातों पर होता था विवाद और मारपीट
मृतका के परिजनों के अनुसार, आरोपी पति राकेश मजदूरी का काम करता था। पति-पत्नी के बीच कोई बड़ा घरेलू विवाद नहीं था, लेकिन राकेश छोटी-छोटी बातों पर हमेशा पूनम से बहस करता था। परिजनों ने बताया कि जब पूनम उन छोटी बातों का जवाब देती थी या अपना पक्ष रखती थी, तो राकेश उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था तथा उसके साथ अक्सर मारपीट किया करता था। इन्ही सब वजहों से पूनम लंबे समय से मानसिक तनाव में जी रही थी।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अस्पताल भेजा
घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
बाढ़ थाना प्रभारी पुरनेंदू कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतका के मायके पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हो गया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि प्रताड़ना से तंग आकर बेटी ने जहर खाकर आत्महत्या की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चल रहे आरोपी पति राकेश तथा उसके परिजनों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

