बाढ़। बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बख्तियारपुर के चिरैया गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां गंगा किनारे शादी की रस्म निभाने गईं चार लड़कियां गहरे पानी में डूब गईं। स्थानीय लोगों की तत्परता से दो लड़कियों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो अन्य अब भी लापता हैं। घर में शादी की शहनाइयां बज रही थीं, लेकिन इस हादसे ने पूरे गांव में सन्नाटा पसार दिया है।
नहाने के दौरान गहराई का नहीं चला अंदाजा
मिली जानकारी के अनुसार, चिरैया निवासी हरदेव राय के बेटे संजन कुमारी की शादी 28 अप्रैल को तय है। इसी मांगलिक उत्सव से पहले गंगा स्नान और अन्य रस्मों के लिए परिवार की महिलाएं और युवतियां घाट पर पहुंची थीं। इसी दौरान चार युवतियां गंगा में नहाने के लिए उतरीं। नदी की गहराई का सही अंदाजा न होने के कारण चारों संतुलन खो बैठीं और डूबने लगीं। शोर सुनकर जुटे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दो को बचा लिया।
रिश्तेदारों की खुशियां गम में तब्दील
लापता लड़कियों की पहचान अमृता कुमारी (निवासी राघोपुर, वैशाली) और माधुरी कुमारी के रूप में हुई है। अमृता अपने ननिहाल हरदेव राय के घर शादी में शामिल होने आई थी, जबकि माधुरी रिश्ते में हरदेव राय की भतीजी लगती है। विडंबना यह है कि हरदेव राय के गोतिया रविन्द्र राय के घर से भी आज ही बारात जानी थी, लेकिन हादसे के बाद उत्सव का माहौल विलाप में बदल गया है।
प्रशासनिक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि लापता युवतियों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद ली जा रही है। नदी के बहाव और गहराई को देखते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, हालांकि खबर लिखे जाने तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

