पटना। जिले के बाढ़ थाना अंतर्गत काजीचक मोहल्ले में चोरों ने एक निर्माणाधीन मकान को अपना निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोर घर में रखे लाखों के कीमती सामान और नकदी पर हाथ साफ कर गए। हैरानी की बात यह है कि घर के मालिक कुछ ही दिनों में यहां ‘गृह प्रवेश’ करने वाले थे, जिसकी खुशियां अब मातम में बदल गई हैं।
रात के अंधेरे में ताला तोड़कर वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए निर्माणाधीन मकान के मुख्य द्वार का ताला तोड़ा। अंदर घुसकर उन्होंने बड़े ही आराम से कीमती सामान समेटा। चोरों ने घर में रखा नया फ्रिज, टीवी, पंखे, कूलर, टाइल्स, सोने के जेवरात और 82 हजार रुपए नकद पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामानों की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
गृह प्रवेश की खुशियां हुईं फीकी
मकान मालकिन नीतू कुमारी ने बताया कि वे मूल रूप से अपने पति के साथ उत्तराखंड में रहती हैं। आगामी 27 जून को उनके नए घर में गृह प्रवेश का कार्यक्रम तय था। इसी समारोह की तैयारी के लिए वे एक महीने पहले पटना आई थीं। वे फिलहाल अपने मायके दयाचक में रह रही थीं और रोज सुबह काजीचक स्थित अपने निर्माणाधीन मकान में काम देखने आती थीं। चोरी हुआ सारा सामान एकदम नया था, जिसे अभी घर में इंस्टॉल भी नहीं किया गया था।
सुबह पहुंचीं तो टूटा मिला ताला
आज सुबह जब नीतू कुमारी काम की देखरेख के लिए मौके पर पहुंचीं, तो उन्हें मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। घबराहट में जब वे अंदर पहुंचीं, तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ था और कीमती चीजें गायब थीं। चोरी का पता चलते ही उन्होंने तुरंत डायल 112 को फोन कर पुलिस को सूचित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नीतू कुमारी ने बाढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन मकान में कीमती सामान होने की जानकारी किसी नजदीकी को ही हो सकती है, जिसे लेकर पुलिस अब अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान हो सके।

