पटना। शहर में एक सनकी पति ने अपनी पत्नी को वापस पाने के लिए दोहरी हत्या की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

​रिश्ते में दूरी और हत्या की खौफनाक दास्तान

​घटना पटना के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के बेली रोड स्थित पिलर नंबर-17 के पास की है। यहां 29 अक्टूबर की शाम उर्मिला देवी नाम की बुजुर्ग महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतका निजी अस्पतालों में झाड़ू-पोछा का काम करके अपना गुजर-बसर करती थी।
​जांच में खुलासा हुआ कि मृतका की बेटी की शादी आरोपी मुकेश कुमार (29) के साथ हुई थी। मुकेश का आपराधिक इतिहास रहा है और वह लगातार अपराधों में लिप्त रहता था। उसके इसी आपराधिक रवैये से तंग आकर पत्नी ने उससे दूरी बना ली और किसी दूसरे शख्स से शादी कर ली थी। मुकेश को जब इस बात का पता चला, तो उसने बदले की आग में जलते हुए उस दूसरे शख्स की भी हत्या करवा दी थी, जिसके लिए उसे जेल भी जाना पड़ा था।

​सास को भी उतारा मौत के घाट

​जेल से छूटने के बाद भी मुकेश का पागलपन कम नहीं हुआ। वह अपनी पत्नी को हर हाल में दोबारा हासिल करना चाहता था। हालांकि, मृतका उर्मिला देवी अपनी बेटी के इस रिश्ते और मुकेश की हरकतों के बीच बड़ी दीवार बनी हुई थी। वह नहीं चाहती थी कि उसकी बेटी दोबारा उस अपराधी के पास जाए। इसी रंजिश के चलते आरोपी मुकेश ने अपनी सास उर्मिला देवी को भी गोली का शिकार बना दिया और उसकी जान ले ली।

​पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी

​घटना के दो दिन बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 31 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे मुख्य आरोपी मुकेश कुमार को धर दबोचा। आरोपी मूल रूप से खगौल थाना क्षेत्र के लखनी बीधा गांव का रहने वाला है।
​पुलिस ने 30 अक्टूबर को उसके फ्लैट नंबर-204 में छापेमारी की थी, जहां से एक चाकू, 21 जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी मुकेश पर पहले से ही खगौल थाने में हत्या व आर्म्स एक्ट और विक्रम थाने में लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच जारी है।