Patna Crime: राजधानी पटना के कुम्हरार रेलवे ट्रैक पर आज शुक्रवार को एक युवक-युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवती की पचहान शैली रानी के रूप में हुई, जो टीपीएस कॉलेज के पास की रहने वाली है। मृतक शैली रानी बीते 5 अक्टूबर से लापता थी। इस संबंध में उसके परिजनों द्वारा 5 अक्टूबर को ही शैरी रानी के गुमशुदगी को लेकर कंकड़बाग थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दूसरी ओर मृतक युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
परिजनों में शोक की लहर
रेलवे ट्रैक पर युवक-युवती के शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने मृतक शैली रानी के मौत की सूचना उसके परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार वालों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शैली 5 अक्टूबर को अपने घर से निकलने के बाद कहां गई थी। इसके साथ ही वह किन परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर पहुंची। इसके साथ ही पुलिस मृतक युवक की पहचान करने में भी जुटी हुई है।
प्रेम-प्रसंग और खुदकुशी की चर्चा
पुलिस इस बात को ध्यान में रखकर भी जांच को आगे बढ़ा रही है कि क्या मृतक युवक-युवती के बीच कोई संबंध था या नहीं? दोनों एक-दूसरे को जानते थे या नहीं? जिस तरह रेलवे ट्रैक पर दोनों का शव मिला है, उससे लोग इस घटना को प्रेम-प्रसंग और खुदकुशी की घटना से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से इसपर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
जीआरपी कर रही मामले की जांच
घटना की जांच राजेंद्रनगर टर्मिनल रेल थाना (जीआरपी) कर रही है। पुलिस रेलवे ट्रैक पर शव मिलने के कारणों का पता लगा रही है। साथ ही शैली की गुमशुदगी से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। युवक की पहचान और जांच में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बिहार में भीषण सड़क हादसा: चाचा-भतीजे की मौत से परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

