पटना। शहर के एसके पुरी थाना क्षेत्र स्थित ‘नालंदा रेजीडेंसी’ हॉस्टल में नीट (NEET) की तैयारी कर रहे एक छात्र ने जहर खाकर अपना जीवन समाप्त कर लिया। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर के भगवानपुर निवासी श्रेयम के रूप में हुई है। वह पिछले दो वर्षों से इस हॉस्टल के फ्लैट नंबर 303 में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
घटनास्थल से मिला सुसाइड नोट और जहर का डिब्बा
जानकारी के अनुसार, पुलिस को श्रेयम के शव के पास से ‘सोडियम एजाइड’ नामक घातक जहर का एक डिब्बा और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। श्रेयम जिस कमरे में रहता था, वहां उसका एक अन्य साथी भी साथ रहता है, जो वर्तमान में परीक्षा देने अपने घर गया हुआ है। खाली कमरे का फायदा उठाकर छात्र ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
तीन दिनों से था गुमसुम
पड़ोस के कमरे में रहने वाले छात्र अंश ने बताया कि श्रेयम पिछले तीन दिनों से काफी शांत और तनाव में दिख रहा था। हालांकि वह अन्य छात्रों से मिलता-जुलता था, लेकिन उसका व्यवहार पहले जैसा नहीं था। बीती रात देर तक उसके कमरे से फोन पर बात करने की आवाजें आ रही थीं, जिसके बाद सुबह जब उसने दरवाजा नहीं खोला, तो अनहोनी की आशंका हुई।
परिजनों का बुरा हाल, पुलिस जांच जारी
हॉस्टल संचालक बृजेश कुमार ने बताया कि श्रेयम एक होनहार और अच्छे स्वभाव का लड़का था। घटना की सूचना मिलने पर उसकी मां और चचेरा भाई शुभम तुरंत पहुंचे। मां ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, सीने पर पंप किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कमरे से कप, चम्मच, चादर और जहर की बोतल को जब्त कर लिया है। फिलहाल कमरे को सील कर दिया गया है और सुसाइड नोट के आधार पर आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

