कुंदन कुमार, पटना। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विपक्ष लगातार प्रदर्शन कर रहा है। आज मंगलवार (13, अक्टूबर) को पटना में भी वाम दल और उससे जुड़े संगठनों का प्रदर्शन है। उससे पहले पटना पुलिस ने एक नोटिस जारी किया है , जिसमें यह कहा गया है कि किसी भी तरह का धरना और प्रदर्शन से पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर ही हो सकते हैं। पटना के सड़कों पर प्रदर्शन कोई भी संगठन या पार्टी नहीं कर सकती है।

आंदोलन को दबाने की कोशिश- राजद

इसको लेकर राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने बड़ा बयान दिया है। एजाज अहमद ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा है कि सरकार अब डर गई है। विपक्ष जिस तरह से प्रदर्शन कर रहा है, जो मांग कर रहा है, उस पर सरकार विचार भी नहीं कर रही है, उल्टे लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन और आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है, जो की कहीं से भी उचित नहीं है।

‘अधिकारों से खिलवाड़ कर रही सरकार’

एजाज अहमद ने कहा कि, पूरे देश में वोट चोरी हुई है। एसआईआर के जरिए लोगों के नाम काटे गए हैं और जब विपक्ष इस को लेकर आंदोलन कर रहा है, या प्रदर्शन कर रहा है, तो उस आंदोलन को दबाने का काम वर्तमान सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि, लोकतंत्र में सभी को अपनी मांग रखने का अधिकार है। प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन यह कहीं भी नहीं लिखा हुआ है कि आमुख स्थल पर ही प्रदर्शन किया जाए।

इस संबंध में पटना पुलिस द्वारा नोटिस जारी करना कहीं से भी ठीक नहीं है। वहीं, लोकतंत्र में मिले आम आदमी के अधिकारों के साथ सरकार खिलवाड़ करने का काम कर रही है।

ये भी पढ़ें- Bihar MLC Election: चुनावी मैदान में उतरे निशांत कुमार, आज इन दो प्रत्याशियों के लिए करेंगे प्रचार