पटना। राजधानी के राजीव नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक होटल में छापेमारी कर चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को डायल-112 पर सूचना मिली थी कि गांधी नगर सेक्टर-04 के पास स्थित होटल सनशाइन होलीडे में नाबालिग लड़कियों को लाकर कथित तौर पर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर होटल में छापेमारी की गई।
ASP लॉ एंड ऑर्डर-2 सुषमा सागर के अनुसार पुलिस टीम ने होटल के दो कमरों में छापेमारी की। यहां दो युवतियां और दो युवक आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने मौके से होटल के काउंटर पर मौजूद दो संचालकों को भी हिरासत में लिया। मामले में चार युवकों की गिरफ्तारी की गई है।
होटल से कई सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल से तीन मोबाइल फोन, अलग-अलग कंपनियों के कंडोम के पांच पैकेट और इस्तेमाल किए गए छह कंडोम बरामद किए। इसके अलावा 22,700 रुपए नकद, एक लैपटॉप, होटल का रजिस्टर, एक लाइटर और एक पेटीएम बॉक्स भी पुलिस को मिला है। पुलिस ने बरामद सामान को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
आरोपियों की पहचान
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप कुमार तिवारी (27), रिषु कुमार (28), सुमन कुमार (25) और रवि कुमार (25) के रूप में हुई है। पुलिस अब होटल में आने वाले लोगों और वहां की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
नाबालिगों से जुड़े आरोप की भी जांच
पुलिस को मिली शुरुआती सूचना में नाबालिग लड़कियों को होटल में लाकर देह व्यापार कराने की बात कही गई थी। हालांकि, पुलिस जांच में इस आरोप से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। दोनों युवतियों की उम्र और पहचान से संबंधित जानकारी भी जांच का हिस्सा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में ऐसी गतिविधियां कब से चल रही थीं और इसमें होटल संचालकों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। होटल के रजिस्टर और मोबाइल फोन समेत अन्य बरामद सामान की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


