Bihar Crime: राजधानी पटना में कल बुधवार की रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो साल के मासूम की जान चली गई है। वहीं हादसे के बाद आरोपी स्कॉर्पियो चालक की भी संदिग्ध हालत में मौत हो गई। घटना जक्कनपुर थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के मुताबिक उसे रात 8 बजे के करीब यह सूचना मिली की KTPS कॉलोनी, गया गुमटी लाइन करबिगहिया के पास एक स्कॉर्पियो ने 2 साल बच्चे को टक्कर मार दी, जिसके बाद नाराज स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक को पकड़कर एक गार्ड रूम में बंद कर दिया।
गार्ड रूम में मृत मिला आरोपी चालक
सूचना मिलने के बाद जब मौके पर जक्कनपुर थाने की पुलिस पहुंची तो उसने पाया कि जिस गार्ड रूम में लोगों ने आरोपी चालक को बंद किया हुआ था, उस रूम पर बाहर से ताला लगा हुआ था। पुलिस ने जब ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो पाया कि रूम में बंद स्कॉर्पियो चालक गमछे से फंदा लगाकर खिड़की के सहारे लटका हुआ था। पुलिस ने आनन फानन में उसे नीचे उतारा और अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मरा हुआ घोषित कर दिया।
इलाज के दौरान घायल बच्चे की भी मौत
वहीं, दूसरी ओर स्कॉर्पियो की टक्कर से घायल हुए बच्चे की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया, जिसने घटनास्थल से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। आरोपी चालक ने खुदकुशी की या फिर किसी ने उसकी हत्या कर शव को गमछे के सहारे लटका दिया? पुलिस इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल में जुट गई है।
घटना के संबंध में सदर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार ने बताया कि हादसे और चालक की मौत, दोनों घटनाओं की हर पहलू से जांच की जा रही है। FSL की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बिहार में ट्रक से भिड़ी कार बनी आग का गोला, दो लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत

