कुंदन कुमार, पटना। टीआरई-4 शिक्षक भर्ती समेत अन्य कई मांगों को लेकर पटना में आज विभिन्न संगठनों के छात्र सीएम आवास का घेराव करने के लिए सड़क पर उतरे। छात्र गांधी से होते हुए डाकबंगला चौराहे के पास पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें रोक दिया। हालांकि इस दौरान हालात उस समय बिगड़ गए, जब कुछ छात्रों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। बदले में पुलिस ने भी छात्रों पर लाठीचार्ज करते हुए भीड़ को खदेड़ने का काम किया।

प्रदर्शन में शामिल छात्र की पुलिस ने की पिटाई

इस दौरान प्रदर्शन से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लाठीचार्ज के दौरान कुछ पुलिसकर्मी प्रदर्शन में शामिल एक छात्र को पीटते और उसे घसीटते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान युवक पुलिस के सामने हाथ जोड़ता हुआ और उनसे छोड़ने की अपली करता हुआ नजर आ रहा है। हालांकि पुलिस उसे वहां से उठाकर बस में बैठाने के लिए लेकर चली गई।

खुशबू पाठक समेत कई छात्र डिटेन

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छात्र नेत्री खुशबू पाठक समेत कई छात्रों को डिटेन किया है। पुलिस उन्हें बस में बिठाकर डाकबंगला से कहीं दूर दूसरी जगह लेकर गई है। फिलहाल डाकबंगला के पास अभी भी अधिक संख्या में छात्र डटे हुए हैं। वे हर हाल में बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए सीएम आवास की ओर जाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने उन्हें रोक कर रखा हुआ है। इस बीच समय-समय पर पुलिस और छात्रों के बीच कहासुनी भी देखने को मिल रही है।

ये भी पढ़ें- ‘जिसने 10वीं पास नहीं की, वो सुझाव दे रहा…’, तेजस्वी पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बड़ा हमला