कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान परिषद के पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना के तीसरे राउंड के नतीजे सामने आ गए हैं। तीसरे राउंड की गिनती पूरी होने के बाद बीजेपी उम्मीदवार नवल किशोर यादव राजद उम्मीदवार पर बढ़त बनाते हुए नजर आ रहे हैं। तीसरे राउंड में नवल किशोर को 746 वोट प्राप्त हुए हैं। वहीं, राजद के प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार को 553 वोट मिले हैं। इस आधार पर फिलहाल नवल किशोर यादव 193 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं।

नवल किशोर यादव 145 वोट से आगे

कुल तीनों राउंड की बात करे तो नवल किशोर यादव को अब तक 3239 वोट मिले हैं। वहीं, संजीव कुमार को 3094 वोट प्राप्त हुए हैं। तीनों राउंड को मिलाकर नवल किशोर यादव 145 वोट से आगे चल रहे हैं।

फिलहाल पटना की शिक्षक निर्वाचन सीट पर भाजपा के नवल किशोर यादव और आरजेडी उम्मीदवार डॉ. संजीव के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। ऐसे में आगे की मतगणना पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि अगले राउंड की गिनती में किस उम्मीदवार को बढ़त मिलती है और अंतिम परिणाम किसके पक्ष में जाता है।

दोनो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़े

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जारी मतगणना के बीच काउंटिंग हाल के अंदर नवल किशोर यादव और डॉ. संजीव कुमार के समर्थकों के आपस में भिड़ने की भी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक एक मतपत्र को लेकर दोनों के समर्थक आपस में भिड़ गए, जिसके बाद प्रशासन ने दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों को वहां से हटा दिया है।

ये भी पढ़ें- पटना में धूमधाम से मना सुभासपा का 24वां स्थापना दिवस, पार्टी ने चुनाव लड़ने को लेकर दिया बड़ा संकेत