पटना। राजधानी पटना में लगातार बढ़ रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कंकड़बाग पुलिस ने एक शातिर युवती, उसके प्रेमी समेत कुल छह झपटमारों को धर दबोचा है। इस गिरोह में दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से चार सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली बाइक भी बरामद की है। खास बात यह है कि छीनी गई चेन खरीदने के आरोप में दो स्वर्ण आभूषण दुकानदारों को भी गिरफ्तार किया गया है।

​15 वारदातों के बाद पुलिस ने कसा शिकंजा

​कंकड़बाग, अगमकुआं, पत्रकार नगर और शास्त्रीनगर समेत कई प्रमुख थाना क्षेत्रों में पिछले कुछ समय में चेन स्नेचिंग की करीब 15 घटनाएं सामने आई थीं। लगातार हो रही इन वारदातों से इलाके में दहशत का माहौल था। जांच के दौरान जब पुलिस ने कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो हर बार बाइक सवार अपराधियों के साथ एक युवती भी नजर आई। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और फुटेज की मदद से इस गिरोह की तलाश तेज कर दी।

​ऐसे हुई गैंग की पहचान और गिरफ्तारी

​पुलिस की जांच में सबसे पहले युवती की पहचान हुई, जो मूल रूप से दीघा की रहने वाली है और उसका ननिहाल कंकड़बाग में है। वह अपने प्रेमी और अन्य साथियों के साथ मिलकर इस सिंडिकेट को चला रही थी। वारदातों को अंजाम देने के बाद ये सभी अपराधी पटना से बाहर वैशाली और मोतिहारी जैसे अलग-अलग जिलों में जाकर छिप जाते थे। हाल ही में जब युवती और उसके प्रेमी के पटना लौटने की पुख्ता सूचना मिली, तो पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य तीन सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

​प्रेमिका की रेकी और सस्ते में माल ठिकाना लगाना

​इस गिरोह का काम करने का तरीका बेहद शातिर था। प्रेमी और प्रेमिका बाइक से निकलते थे। बाइक पर पीछे बैठी प्रेमिका रास्तेभर चेन पहने लोगों पर कड़ी नजर रखती थी और मौका मिलते ही प्रेमी बाइक की गति धीमी कर चेन झपट लेता था और तुरंत पीछे बैठी युवती को थमा देता था।
​झपटने के बाद ये बदमाश सोने की चेन को आधे से भी कम कीमत पर बेच देते थे। पुलिस ने कंकड़बाग के दो ऐसे स्वर्ण आभूषण दुकानदारों को भी गिरफ्तार किया है जो यह चोरी का माल खरीदते थे। उनकी निशानदेही पर चार सोने की चेन बरामद की गई हैं।

​समस्तीपुर के ठिकाने से विलासिता का सामान बरामद

​पुलिस ने इस गैंग के एक अन्य सदस्य के समस्तीपुर स्थित ठिकाने पर भी छापेमारी की। वहां एक कमरे से नया एसी, फ्रिज और अन्य कीमती सामान मिला है। पुलिस का यह भी कहना है कि इस गिरोह के कई सदस्य नशे के आदि हैं और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए भी इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि अन्य मामलों का भी खुलासा हो सके।