प्रशांत सिंह, जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में राजस्व विभाग के कामकाज को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। कलेक्टर जनदर्शन में पहुंची एक महिला ने पटवारी और राजस्व निरीक्षक (आरआई) पर जमीन के बटांकन के लिए 55 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसने अपने गहने गिरवी रखकर 40 हजार रुपये दिए, लेकिन इसके बाद भी बकाया 15 हजार रुपये की मांग की जा रही है। महिला ने परेशान होकर कलेक्टर से न्याय और मदद की गुहार लगाई है।
मामला जांजगीर के लिंक रोड स्थित चंदनिया पारा मुख्य मार्ग का है। यहां मीना साहू की पुश्तैनी करीब 2 डिसमिल जमीन है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। जमीन का बटांकन नहीं होने के कारण वह उस पर अपना मकान नहीं बना पा रही है।


बताया जा रहा कि नगर पालिका क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने के उद्देश्य से मीना साहू ने जमीन के बटांकन के लिए तहसीलदार के समक्ष आवेदन दिया था। इसके बाद करीब आठ महीने पहले तहसीलदार ने पटवारी और राजस्व निरीक्षक को बटांकन करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अब तक जमीन का बंटांकन नहीं हो पाया है।
गहने गिरवी रखकर दिए 40 हजार रुपये
पीड़ित महिला मीना साहू का आरोप है कि जमीन का बटांकन करने के एवज में पटवारी और आरआई ने 55 हजार रुपये की मांग की थी। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने अपने गहने गिरवी रखकर 40 हजार रुपये दिए। महिला का कहना है कि इतनी रकम देने के बाद भी बंटांकन नहीं किया जा रहा है। शेष 15 हजार रुपये मिलने पर ही काम करने की बात कही जा रही है।महिला के मुताबिक, वह कई बार संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके चलते उन्हें लगातार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
बेटी और नातिन के साथ गांव में रहने को मजबूर
मीना साहू ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। वह अपनी परित्यक्ता बेटी और नातिन के साथ गांव में रहने को मजबूर हैं। जमीन का बंटांकन नहीं होने के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने की उनकी उम्मीद भी अधूरी है।
कलेक्टर जनदर्शन में लगाई न्याय की गुहार
लंबे समय से परेशान महिला ने अब कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने प्रशासन से जमीन का तत्काल बटांकन कराने और रिश्वत मांगने के मामले में जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और पीड़ित महिला को कब तक राहत मिलती है।
आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर पटवारी
इधर प्रदेशभर के पटवारी आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। राजस्व पटवारी संघ के मुताबिक, PV ऐप के माध्यम से फसल के भौतिक सत्यापन के दौरान कई व्यवहारिक और तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। इन समस्याओं को लेकर पूर्व में शासन और विभाग को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस और व्यावहारिक समाधान नहीं निकाला गया है। संघ ने इस स्थिति पर नाराजगी जताई है। वहीं PV ऐप के बहिष्कार को लेकर बलौदाबाजार जिले में संघ के पदाधिकारियों और अन्य पटवारियों के तबादले तथा कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने का मामला सामने आया है। इसके अलावा महासमुंद जिले में पटवारियों के निलंबन की कार्रवाई का भी संघ ने विरोध किया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

