अरविंद मिश्रा, बलौदाबाजार। चार सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारी संघ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। वहीं अब प्रशासन ने सख्त रूख अपनाते हुए प्रदेशाध्यक्ष भागवत कश्यप सहित 100 से अधिक पटवारियों को निलंबित करने का आदेश उनके वाट्सएप पर भेजा है पर कागज में नहीं मिला है। निलंबन की कार्रवाई का आदेश आते ही पटवारी संघ ने और उग्र आंदोलन की बात कही है। वहीं उन्होंने धरना स्थल पर आदेश की प्रतियां फाड़ जलाकर विरोध जताया।

प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप आज बलौदाबाजार पहुंचे और पटवारियों को संबोधित किया। उन्होंने शासन सहित प्रशासनिक अधिकारीयों पर जमकर प्रहार किया और कहा कि आज हम रिटायर होने के करीब हैं पर पदोन्नति नहीं मिली। वहीं वेतन विसंगति, पीवी एप में त्रुटि को आईएएस भी जानते हैं पर शासन को सही जानकारी नहीं देते। हमारी बातों को न मानकर अब निलंबन की कार्रवाई कर रहे हैं, जो उचित नहीं है। इसका पूरे प्रदेश में विरोध होगा। शासन को हर हाल में हमारी बात माननी होगी। प्रशासन दमनात्मक कार्रवाई करती है तो हम आमरण अनशन करेंगे और जेल भेजेंगे तो वहां भी जाएंगे पर मांग पूरी करवाकर मानेंगे।

आमरण अनशन, जेल भरो आंदोलन की चेतावनी

पटवारी संघ ने आज बलौदाबाजार धरना स्थल पर पटवारी संघ को मिले निलंबन कार्रवाई की आदेश की प्रतियां फाड़ी और उसे जलाकर विरोध जताया। पटवारी संघ के संभागाध्यक्ष भावेश वर्मा ने कहा कि पटवारी संघ शासन की दमनकारी नीति से नहीं डरेगी। आज हमने निलंबन आदेश की प्रतियां फाड़कर जलाया है। यदि शासन का रूख यही रहा तो हम आमरण अनशन करेंगे और जेल भरो आंदोलन भी करेंगे पर इस बार मांग पूरी करवाकर मानेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m