Odisha Desk, भुवनेश्वर: गांधी जयंती के अवसर पर ओडिशा में जारी जनसंपर्क कार्यक्रमों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने राज्य की पूर्व सत्ताधारी पार्टी बीजू जनता दल और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी दोनों की पदयात्राओं को लेकर कड़ा हमला बोला है।
भक्त चरण दास ने बीजू जनता दल (बीजद) की जनसंपर्क पदयात्रा पर सीधा सवाल उठाते हुए कहा कि यदि बीजद वास्तव में जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर है और भाजपा सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है, तो यह सरकार अब तक कैसे बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि 24 वर्षों तक ओडिशा की सत्ता में रहने वाली पार्टी को आज लोगों के मुद्दों पर सड़क पर उतरना पड़ रहा है, जो कई सवाल खड़े करता है। बीजद चाहती तो विधानसभा के भीतर और बाहर कहीं अधिक प्रभावी ढंग से सरकार को घेर सकती थी। उन्होंने कहा कि यदि बीजद को वर्तमान सरकार का इतना ही विरोध करना है, तो उसे इस लड़ाई को और तीखा करना चाहिए।
महात्मा गांधी के आदर्शों और सत्याग्रह पर कांग्रेस का कड़ा रुख
भाजपा द्वारा आयोजित पदयात्रा पर भी कांग्रेस अध्यक्ष ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा महात्मा गांधी के नाम का सहारा लेकर पदयात्राएं निकाल रही है, जबकि सत्याग्रह, अहिंसा और गांधीवादी विचारधारा के साथ कांग्रेस का ऐतिहासिक और भावनात्मक संबंध रहा है।भक्त चरण दास ने स्पष्ट किया कि भाजपा की इस पदयात्रा का कांग्रेस के जनाधार पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कांग्रेस आने वाले दिनों में अपने राजनीतिक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियान को और अधिक तेजी से आगे बढ़ाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

