रायपुर। रायपुर जिले के तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बंगोली में स्थित पेंड्रावन जलाशय के कैचमेंट में अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी की लाइम स्टोन खनन परियोजना को जल संसाधन विभाग की एनओसी जारी किए जाने के खिलाफ क्षेत्र में भारी जन आक्रोश व्याप्त है। खनन परियोजना के विरोध में जलाशय को बचाने के लिए गांव-गांव में स्वस्फूर्त ग्रामसभाएं आयोजित की जा रही हैं। आज ग्राम बरौंदा, बंगोली एवं कुर्रा में आमसभा आयोजित हुई, जिसमें पेंड्रावन जलाशय बचाओ किसान संघर्ष समिति, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित भारी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए।

आमसभा में सभी ने एक स्वर में राज्य सरकार के निर्णय का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि तीसरी बार खनन की एनओसी जारी करना किसान विरोधी मंशा को स्पष्ट करता है। ग्रामसभाओं के व्यापक विरोध को दरकिनार करके जनभावनाओं के विपरीत खनन कंपनी के मुनाफे के लिए फैसला लिया गया है। आमसभा में ग्रामीणों के बीच इस बात पर भी भारी आक्रोश है कि न्यायालय के आदेश के बाद शासन द्वारा गठित की गई उच्च स्तरीय समिति ने किसानों और जनप्रतिनिधियों से संवाद का ढोंग करके खनन के पक्ष में सिफारिश की है। उच्च स्तरीय समिति और एनओसी जारी करने वाले अधिकारियों का भी आमसभा में भारी विरोध किया गया और निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही तिल्दा स्थित जल संसाधन विभाग का घेराव किया जाएगा।

कल तीन गांवों में आमसभा
31 अक्टूबर को ग्राम सारागांव, निलजा और खोना में आमसभाएं आयोजित की जाएंगी। इन सभाओं के माध्यम से खनन परियोजना के खिलाफ विरोध तेज करने और पेंड्रावन जलाशय को बचाने के लिए आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
आमसभाओं में ये लोग रहे शामिल
आज की आयोजित आमसभाओं में पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, समिति के संरक्षक उधोराम वर्मा, आलोक शुक्ला, अध्यक्ष अनिल नायक, सचिव घनश्याम वर्मा, जनपद सदस्य कुंजलाल वर्मा, बंगोली सरपंच उत्तम वर्मा, बरौंदा सरपंच नीलू वर्मा, कुर्रा सरपंच भुवनेश्वर खूंटे, इन्द्रा कुर्रे, सविता चंद्राकर, हेमलता चंद्राकर, वंदना बैरागी, हेमंत ठाकुर, प्रदीप मढरिया, वीर नारायण देवांगन, अंकित वर्मा, डोमार वर्मा, नरोत्तम शर्मा, कुबेर वर्मा, चन्द्रहास नायक, छत्रपाल वर्मा, छन्नू वर्मा, नारायण वर्मा, भोलू धीवर, भामराज देवांगन और रामा देवांगन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

