सुनील सम्भ्रवाल,रतिया। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से वीरवार को लघु सचिवालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने नागरिकों की शिकायतें सुनीं। शिविर में पहुंचे लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की और मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को उनकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोगों को विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तय समय सीमा में करें शिकायतों का निपटारा
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन संवाद पोर्टल और समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटारा किया जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा समाधान प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।

