दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘लहरा दो तिरंगा मार्च’(‘Hoist the Tricolour’ March) को लेकर दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने 16 अक्टूबर को प्रस्तावित मार्च में आम लोगों से शामिल नहीं होने की अपील की है। वहीं, कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में निर्धारित स्थान पर तिरंगा लेकर चलने और राष्ट्रगान गाने के लिए केवल 11 लोगों के समूह को अनुमति देने की बात कही गई है। पुलिस के मुताबिक, अनुमति निर्धारित स्थान और सीमित संख्या में लोगों के लिए है। ऐसे में मार्च में शामिल होने की योजना बना रहे लोगों से पुलिस ने कार्यक्रम में नहीं आने की अपील की है।

दिल्ली पुलिस ने लोगों से आंदोलन में शामिल न होने की अपील की

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के तिरंगा मार्च को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। दिल्ली हाईकोर्ट ने राजधानी के बीचोंबीच प्रदर्शन करने से CJP को रोकने की मांग वाली याचिका पर प्रतिबंध लगाने से इनकार कर दिया था। हालांकि, अदालत ने पुलिस के इस आश्वासन को रिकॉर्ड पर लिया कि वह प्रदर्शन को नियंत्रित करेगी। इसके बाद गुरुवार शाम दिल्ली पुलिस ने आम लोगों से CJP के प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की अपील की। पुलिस ने कहा कि मार्च के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

धारा 163 लागू, उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

दिल्ली पुलिस ने बताया कि कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इन आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। CJP ने 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा मार्च’ का आह्वान किया है। पुलिस ने निर्धारित स्थान पर तिरंगा लेकर चलने और राष्ट्रगान गाने के लिए 11 लोगों के समूह को अनुमति देने की बात कही है। साथ ही, आम लोगों से प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की अपील की गई है।

दीपके ने शाम 5 बजे तिरंगा लेकर सेंट्रल पार्क पहुंचने की अपील की

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने लोगों से 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे तिरंगा लेकर कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में जुटने की अपील की है। उन्होंने गुरुवार शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाए। दीपके ने लिखा, “अगर हम 100 जगहों का ऐलान कर दें, तो क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन सभी 100 जगहों को बंद करा देंगे?” उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब दिल्ली पुलिस ने लोगों से तिरंगा मार्च में शामिल नहीं होने की अपील की है।

NDMC ने 16 और 17 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क किया बंद

दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से भी लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने और बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की गई है। पुलिस ने मौजूदा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति का हवाला देते हुए बताया कि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को प्रशासनिक कारणों से बंद रखने की जानकारी दी है। CJP ने 16 अक्टूबर को ‘लहरा दो तिरंगा मार्च’ का आह्वान किया है। वहीं, पुलिस ने कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू होने का हवाला देते हुए लोगों से प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की अपील की है।

DCP ने कहा- सेंट्रल पार्क के आसपास भीड़ जुटने न दे पुलिस

दिल्ली पुलिस की डीसीपी नेहा यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने पुलिस को जानकारी दी है कि सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा। उन्होंने कहा, “NDMC ने दिल्ली पुलिस को बताया है कि पार्क कल और परसों बंद रहेगा। परिषद ने यह भी कहा है कि पार्क के आसपास किसी तरह की भीड़ जुटने नहीं दी जाए।”

डीसीपी ने बताया कि कनॉट प्लेस और आसपास के बाजारों के व्यापारिक संगठनों ने भी इस मामले में शिकायतें की हैं। व्यापारियों का कहना है कि अव्यवस्थित भीड़ और गैरकानूनी जमावड़े के कारण उनके कारोबार पर असर पड़ रहा है। पुलिस के मुताबिक, त्योहारों के मौसम में बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में व्यापारिक संगठनों ने आशंका जताई है कि प्रदर्शन के दौरान भीड़ जुटने से उनके कारोबार को खासा नुकसान हो सकता है। इसी के मद्देनजर पुलिस ने इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m