हकीमुद्दीन नासिर, महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिरपुर में आपसी विवाद सुलझाने के नाम पर शुरू हुआ घटनाक्रम देर रात चाकूबाजी और जानलेवा हमले में बदल गया। लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास जेपी अस्पताल के संचालक परमानंद साहू पर धारदार चाकू से हमला कर दिया गया। हमलावर ने उनकी गर्दन पर लगातार तीन वार किए, जबकि जांघ पर भी चाकू से वार किया गया। जान बचाकर भाग रहे घायल का आरोपियों ने पीछा किया और धमकी भी दी। मामले में पुलिस ने सिरपुर के उप सरपंच एवं भाजपा नेता राजेश सिंह ठाकुर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

अस्पताल स्टाफ को रास्ते में रोकने से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना की शुरुआत अस्पताल स्टाफ राकेश साहू को रास्ते में रोकने से हुई। 6 अक्टूबर की रात खाना खाने के बाद राकेश साहू वापस लौट रहा था। इसी दौरान अंबेडकर चौक के पास हरि ध्रुव ने उसे रोककर अपने साथ चलने के लिए कहा। राकेश के मोटरसाइकिल पर नहीं बैठने पर दोनों के बीच गाली-गलौज हो गई। इसके बाद राकेश ने फोन कर अस्पताल संचालक परमानंद साहू को मौके पर बुलाया। अस्पताल कर्मचारी टिकेश्वर साहू भी वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों को समझाइश देकर उस समय विवाद शांत करा दिया गया।

भाजपा नेता ने फोन कर ली जानकारी

विवाद की जानकारी मिलने के बाद सिरपुर के उप सरपंच एवं भाजपा नेता राजेश सिंह ठाकुर ने फोन पर घटनाक्रम की जानकारी ली। शिकायत के अनुसार, इसके बाद वह अस्पताल पहुंचा, जहां राकेश साहू और टिकेश्वर साहू मौजूद थे। राजेश ठाकुर ने दोनों पक्षों से विवाद की जानकारी ली और हरि ध्रुव से माफी मांगकर मामला खत्म करने की बात कही। शिकायत में आरोप है कि हरि ध्रुव ने माफी मांगने से इनकार कर दिया। इसके बाद विवाद को सुलझाने के लिए सभी को अस्पताल के सामने बुलाया गया।

हॉस्टल के पास आमना-सामना, अचानक निकला चाकू

रात करीब 9.30 बजे परमानंद साहू, राकेश साहू और टिकेश्वर साहू लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास पहुंचे। वहां हरि ध्रुव और सुरेश मिरी पहले से मौजूद थे। शिकायत के मुताबिक, उनके पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू हो गई और हाथ-मुक्के से मारपीट होने लगी। इसी दौरान हरि ध्रुव ने कथित रूप से धारदार चाकू निकालकर परमानंद साहू पर हमला कर दिया।

हमले में परमानंद साहू की गर्दन पर लगातार तीन वार किए गए, जबकि जांघ पर भी चाकू मारा गया। अचानक हुए हमले से घायल परमानंद साहू जान बचाने के लिए वहां से भागने लगे।

घायल भागता रहा, आरोपी पीछा कर देते रहे धमकी

शिकायत के अनुसार चाकूबाजी के बाद भी आरोपी पीछे नहीं हटे। हरि ध्रुव, राजेश सिंह ठाकुर और सुरेश मिरी ने घायल का पीछा किया और उसे धमकी दी। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा कि वह कितनी दूर तक भाग सकेगा।

इसी दौरान राकेश साहू और टिकेश्वर साहू मौके पर पहुंचे। दोनों ने घायल को हमलावरों से बचाया और मोटरसाइकिल से सिरपुर चौकी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परमानंद साहू ने तुमगांव थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।

एफआईआर के बाद तीनों गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिरपुर के उप सरपंच एवं भाजपा नेता राजेश सिंह ठाकुर, हरि ध्रुव और सुरेश मिरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने प्रकरण में बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। विवाद सुलझाने के प्रयास के दौरान मामला हिंसक हमले तक पहुंचने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H