Phalodi News: राजस्थान के फलौदी जिले से एक महिला के साथ कथित बर्बरता का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक महिला के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। महिला के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

एसपी ने दिए कार्रवाई के निर्देश
फलौदी पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में संबंधित वीडियो करीब एक माह पुराना प्रतीत हो रहा है। इस मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। वीडियो सामने आने के बाद थानाधिकारी फलौदी को तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
ढाबे पर काम करती थी महिला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना फलौदी शहर से करीब तीन किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग-11 के पास स्थित एक चाय के ढाबे की बताई जा रही है। महिला वहीं काम करती थी और वह मूल रूप से हनुमानगढ़ जिले की निवासी बताई जा रही है। घटना के बाद वह भय के कारण अपने गांव लौट गई। जानकारी के अनुसार, घायल होने पर उसने अपना इलाज भी कराया था।
पुलिस कर रही आरोपियों की पहचान
वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्या है कानूनी प्रावधान ?
राजस्थान हाईकोर्ट के अधिवक्ता अभिषेक देवंदा के अनुसार, किसी महिला की मर्यादा भंग करने, उसके साथ आपराधिक बल प्रयोग करने या अभद्र व्यवहार करना भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाती है और दोष सिद्ध होने पर सजा का प्रावधान है। साथ ही, उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस को तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए।
पढ़ें ये खबरें
- कैट की स्थायी बेंच नहीं होने पर हाईकोर्ट सख्त, केंद्र सरकार को तीन सप्ताह में शपथपत्र पेश करने का निर्देश
- मुआवजे के खिलाफ अपील में 389 दिन की देरी, हाईकोर्ट ने पंजाब रोडवेज पर लगाया 38 हजार रुपये का जुर्माना
- 51,100 वेतन मांगने पर फुटबॉल कोच की स्कूल में एंट्री बंद! भवंस प्रॉमिनेंट स्कूल पर आरोप, कई जगह शिकायत के बाद भी कार्रवाई का इंतजार
- DEO के खिलाफ लामबंद कर्मचारी संघ, दुर्व्यवहार और मनमानी के आरोपों पर आंदोलन की चेतावनी
- इंदौर में साइबर ठगी के म्यूल अकाउंट का बड़ा खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार: करोड़ों के फ्रॉड की आशंका, गुजरात से महाराष्ट्र और तेलंगाना तक जुड़े तार

