ODISHA DESK, कटक: ओडिशा लोक सेवा आयोग (OPSC) द्वारा आयोजित सिविल सर्विसेज परीक्षा में हाई-टेक नकल के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। रविवार को कटक के एक परीक्षा केंद्र पर चल रहे इस अवैध खेल को फ्लाइंग स्क्वाड ने रंगे हाथों पकड़ा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य परीक्षार्थी समेत कुल 4 युवकों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मरकतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक इंजीनियरिंग कॉलेज में परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान फ्लाइंग स्क्वाड की टीम ने वहां औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक परीक्षार्थी का हाई-टेक और फिल्मी तरीका देखकर हर कोई हैरान रह गया। परीक्षार्थी ने अपने अंडरगारमेंट्स के अंदर एक स्मार्टफोन छुपा रखा था और अपने लंबे बालों के नीचे एक वायरलेस ईयरबड लगाया हुआ था। परीक्षा हॉल के अंदर से वह लाइव कॉल के जरिए बाहर बैठे अपने एक साथी को प्रश्न पढ़कर सुना रहा था। बाहर मौजूद शख्स इंटरनेट पर तुरंत उत्तर सर्च करके ईयरबड के माध्यम से परीक्षार्थी को जवाब लिखवा रहा था।
फ्लाइंग स्क्वाड ने तुरंत कार्रवाई करते हुए परीक्षार्थी को निष्कासित कर दिया और उसे मरकतनगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार परीक्षार्थी की पहचान चौलियागंज इलाके के निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन को खंगाला, जिससे मिले सुरागों के आधार पर बेलव्यू और सीडीए (CDA) इलाके से 3 अन्य युवकों को भी दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक युवक एक प्रतिष्ठित कोचिंग सेंटर से जुड़ा हुआ है, जो परीक्षार्थी को सही उत्तर ढूंढकर रिले करने (पहुंचाने) का काम कर रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 मोबाइल फोन, एक ईयरबड और कई आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की हैं। आरोपियों के व्हाट्सएप (WhatsApp) चैट से साफ हुआ है कि इस नकल रैकेट के तार और भी गहरे जुड़े हुए हैं। पुलिस पूछताछ में परीक्षार्थी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि बार-बार प्रतियोगी परीक्षाओं में असफल होने के कारण वह हताश हो चुका था, जिसके बाद उसने शॉर्टकट और इस अवैध रास्ते को चुना। फिलहाल पुलिस इस पूरे सिंडिकेट का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

