रायपुर। रायपुर में सट्टा सिंडिकेट से जुड़ी तस्वीरों को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. पूर्व सीएम भूपेश बघेल, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और पूर्व डीसीएम टी.एस सिंहदेव के बीच सोशल मीडिया पर तीखी बयानबाजी देखने को मिली.

संबंधित खबर : ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़ : तीन आरोपी गिरफ्तार, एक करोड़ से ज्यादा कैश और नोट गिनने की मशीन जब्त

मामले की शुरुआत तब हुई जब भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर एक कथित सट्टा सरगना की तस्वीर ओ.पी. चौधरी के साथ साझा की. पोस्ट में उन्होंने लिखा कि RSS का सट्टा स्वयंसेवक करण चौधरी वित्त मंत्री के बेहद करीबी हैं और उनके साथ खाते-खिलाते तथा छत्तीसगढ़ संवारते नजर आ रहे हैं.

इसके जवाब में ओपी चौधरी ने टीएस सिंहदेव के साथ आरोपी की तस्वीर शेयर करते हुए पलटवार किया. उन्होंने लिखा कि भूपेश जी, टी.एस. बाबा वाली फोटो में तो आरोपी उनके बेडरूम तक दिख रहा है.

इसके बाद टीएस सिंहदेव ने भी सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी और कहा कि बिना किसी कारण केवल राजनीतिक जवाब देने के लिए उनका नाम घसीटना दुर्भाग्यपूर्ण और पूरी तरह अनावश्यक है.

मामले में ओपी चौधरी ने फिर जवाब देते हुए लिखा कि टीएस सिंहदेव एक अच्छे व्यक्ति हैं, लेकिन गलत संगत में पड़ गए. उन्होंने पुराने राजनीतिक समीकरणों का जिक्र करते हुए कहा कि कभी भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव की जय-वीरू की जोड़ी मानी जाती थी. अगर वीरू जबरन किसी पर बाल्टी भर कीचड़ उछालेगा, तो संभावना तो बनती ही है कि जय पर भी कुछ छींटें पड़ जाएं.

सोशल मीडिया पर यह मुद्दा तेजी से वायरल हो रहा है और भाजपा-कांग्रेस के समर्थकों के बीच भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m