पटना। राजधानी के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के लहियार चक गांव में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक शिक्षिका के घर को अपना निशाना बनाया है। मंगलवार की देर रात हुई इस बड़ी चोरी की घटना में चोरों ने नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और शादी के कीमती उपहारों समेत करीब 15 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

​कैसे हुई घटना?

​पीड़ित शिक्षिका सुषमा रानी नवादा जिले के एक स्कूल में कार्यरत हैं और घटना के समय अपने पति दीनानाथ दिनकर के साथ नवादा में ही थीं। घर का मुख्य दरवाजा बंद था। बुधवार की सुबह जब ग्रामीणों ने घर का ताला टूटा हुआ देखा, तो उन्होंने तुरंत परिजनों को इस बात की सूचना दी। शिक्षिका की बेटी जया ज्योति ने बताया कि वह मौके पर पहुंचीं, तो देखा कि घर के निचले और ऊपरी तल्ले के कुल चार कमरों के ताले टूटे हुए थे।

​क्या-क्या हुआ चोरी?

​जया ज्योति के अनुसार, चोरों ने बेखौफ होकर अलमारी और ट्रंक के ताले तोड़कर सारा कीमती सामान समेट लिया। चोरी गए सामानों में सुषमा रानी के पुराने जेवर, उनके बेटे की हाल ही में हुई शादी में मिले उपहार, सोने का हार, मंगलसूत्र, झुमका, कान की बाली, कमरधनी, पायल, चांदी का कटोरा और कीमती सोने की चेन शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखी नकदी और कीमती कपड़े भी चोर उड़ा ले गए।

​ग्रामीणों का आरोप: नशे का अड्डा बना गांव

​स्थानीय वार्ड सदस्य शंकर कुमार ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है जब गांव में चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि इससे पहले किसान जितेंद्र कुमार के घर में भी दो बार चोरी हो चुकी है। ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि गांव में नशेरियों और स्मैक पीने वाले युवकों का जमावड़ा लगा रहता है, जो इस तरह की वारदातों को अंजाम देते हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पुलिस को बार-बार सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मुआयना किया। फुलवारी शरीफ थाना प्रभारी गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि सबूत जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है ताकि अपराधियों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके। स्थानीय लोग अब जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।