5 Indian Origin Win in US Midterm Elections: यूएस मिडटर्म चुनाव-2026 (US Midterm Election) में डोनाल्ड ट्रंप की करारी हार हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन पार्टी यानी ‘ग्रैंड ओल्ड पार्टी’ (Grand Old Party) का सूपड़ा साफ हो गया। जबकि विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी (Democratic Party) ने अमेरिकी संसद के दोनों सदनों हाउस और सीनेट में बहुमत हासिल कर लिया है। अमेरिका के मिडटर्म इलेक्शन में भारतीय मूल के कई उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत को अजमाया। सत्तारुढ़ रिपब्लिकन पार्टी और विपक्षी पार्टी डेमोक्रेटिक ने कई भारतवंशियों को टिकट दिया था। भारतीय मूल के जिन उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है वे सभी डेमोक्रेटिक पार्टी के हैं। वहीं ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले भारतीय मूल के सभी उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा है।

 यूएस मिडटर्म चुनाव में हासिल करने वाले भारतीय मूल के उम्मीदवारों में रो खन्ना (Ro Khanna), अमी बेरा (Ami Bera), प्रमिला जयपाल (Pramila Jayapal), सुहास सुब्रमण्यम (Suhas Subramanyam) और पिया दांडिया (Pia Dandiya) शामिल हैं। ये सभी डेमोक्रेटिक पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। जबकि एक उम्मीदवार अमीष शाह आगे चल रहे हैं। ये डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्य हैं। गवर्नर पद के लिए भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी ने ओहायो से दावेदारी पेश की थी, लेकिन वे डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन से हार गए।

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में 5 भारतवंशी नेताओं ने हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के चुनाव में जीत हासिल की है। जीत हासिल करने वाले भारतीय मूल के उम्मीदवारों में सबसे अहम नाम पिया डांडिया का है। डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार पिया डांडिया ने फ़्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट की सीट पर जीत हासिल की है। उन्होंने साउथ फ़्लोरिडा के सबसे चर्चित चुनावी मुक़ाबलों में से एक में रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी अस्कर को हराया।

पिया डांडिया ने फ्लोरिडा में दर्ज की जीत

भारतीय मूल की डेमोक्रेटिक उम्मीदवार पिया डांडिया (Pia Dandiya) ने फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से जीत हासिल की है। डिसीजन डेस्क HQ ने उन्हें इस सीट पर विजेता घोषित किया है। करीब 94 फीसदी वोटों की गिनती के दौरान पिया डंडिया को लगभग 52.2 फीसदी वोट मिले, जबकि उनके रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी केसी अस्कर को करीब 47.8 फीसदी वोट हासिल हुए। इस तरह पिया ने अपने प्रतिद्वंद्वी पर बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की। यह सीट रेडिस्ट्रिक्टिंग के बाद ओपन सीट थी, यानी इस चुनाव में कोई मौजूदा सांसद अपनी सीट बचाने के लिए मैदान में नहीं था। पिया डंडिया डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हैं और पेशे से पूर्व स्कूल प्रिंसिपल रही हैं। उनकी जीत को इस चुनाव में भारतीय मूल के उम्मीदवारों के लिए एक अहम कामयाबी माना जा रहा है। डांडिया पहले हार्लेम में टीचर और हाई स्कूल की प्रिंसिपल रह चुकी हैं। वह व्हाइट हाउस फ़ेलो के तौर पर भी काम कर चुकी हैं. इसके अलावा, उन्होंने एप्पल में भी काम किया है।

कैलिफोर्निया से जीते रो खन्ना

अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के 17वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार रो खन्ना (Ro Khanna) ने अमेरिकी प्रतिनिधि सभा यानी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का चुनाव जीता। रो खन्ना ने इस सीट पर दोबारा जीत दर्ज करते हुए अपना संसदीय कार्यकाल बरकरार रखा है। कैलिफोर्निया के 17वें संसदीय क्षेत्र से रो खन्ना ने लगातार छठी बार चुनाव जीता है।उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार रितेश टंडन को 42 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। टंडन इससे पहले 2020 और 2022 में भी रो खन्ना के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं।

सुहास सुब्रमण्यम, दूसरी बार सांसद बने

वर्जीनिया के 10वें संसदीय क्षेत्र से डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार सुहास सुब्रमण्यम (Suhas Subramanyam) दूसरी बार सांसद चुने गए हैं। उन्हें 61.5% से ज्यादा वोट मिले हैं, जबकि रिपब्लिकन उम्मीदवार डेव बेकविथ को 36.4% वोट मिले हैं। सुहास का जन्म टेक्सास के ह्यूस्टन में भारतीय माता-पिता के घर हुआ था। वह पेशे से वकील हैं। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में उन्होंने व्हाइट हाउस में टेक्नोलॉजी पॉलिसी एडवाइजर के तौर पर काम किया था। सुहास सुब्रमण्यम वर्जीनिया में वे लाउडौन मेडिकल रिजर्व कॉर्प के तहत एक सक्रिय वॉलंटियर इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) और फायर फाइटर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. यानी जरूरत पड़ने पर वे तुरंत दमकल की वर्दी पहनकर आग बुझाने और आपात स्थिति में लोगों की जान बचाने के लिए मैदान में उतर जाते हैं.

एमी बेरा, डेमोक्रेट पार्टी- 8वीं बार जीते

कैलिफोर्निया के तीसरे संसदीय क्षेत्र से एमी बेरा (Ami Bera) लगातार आठवीं बार सांसद चुने गए हैं। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार रॉब टकर को 23 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। बेरा पेशे से डॉक्टर हैं। वह 2013 में पहली बार हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के सदस्य बने थे। बेरा 2013 से सैक्रामेंटो काउंटी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। कैलिफोर्निया में निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन के बाद उन्होंने इस बार तीसरे जिले से चुनाव लड़ा। वह प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों की समिति (फॉरेन अफेयर्स कमेटी) की पूर्वी एशिया और प्रशांत क्षेत्र उपसमिति के वरिष्ठ डेमोक्रेट सदस्य हैं। इसके अलावा वह हाउस इंटेलिजेंस कमेटी के भी सदस्य हैं।

प्रमिला जयपाल 1.52 लाख से वोटों से जीतीं

वॉशिंगटन के 7वें संसदीय क्षेत्र से डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमिला जयपाल (Pramila Jayapal) ने लगातार छठी बार जीत दर्ज की है। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार नीरव शेठ को 1.52 लाख से ज्यादा वोटों से हराया है। प्रमिला 2017 से इस सीट पर सांसद हैं। वह हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में पहुंचने वाली पहली भारतीय मूल की महिला हैं। उनका जन्म चेन्नई में हुआ था। जयपाल पहली साउथ एशियाई अमेरिकी महिला हैं और कांग्रेस की एकमात्र ऐसी मेंबर हैं जिनके पास कभी स्टूडेंट वीजा और एच-1बी वर्क वीजा दोनों रहे हैं।इस जीत के बाद प्रमिला जयपाल को US रिप्रेजेंटेटिव छठा कार्यकाल मिल गया है।  प्रमिला जयपाल का जन्म भारत में हुआ था। उनका बचपन भारत, इंडोनेशिया और सिंगापुर में बीता। फिर, 16 साल की उम्र में वह अकेले हायर एजुकेशन के लिए अमेरिका चली गईं और जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया। 

विवेक रामास्वामी ओहियो में हारे

भारतीय मूल के रिपब्लिकन नेता विवेक रामास्वामी (Vivek Ramaswamy) ओहायो के गवर्नर का चुनाव हार गए हैं। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन ने उन्हें 2 लाख से ज्यादा वोटों से हराया है। विवेक रामास्वामी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन हासिल था। इस चुनाव में रामास्वामी की हार के साथ रिपब्लिकन पार्टी को ओहियो के गवर्नर पद पर झटका लगा है। गौरतलब है कि ओहियो में इससे पहले रिपब्लिकन पार्टी का गवर्नर था। ओहायो के गवर्नर पद का चुनाव 2026 के अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के सबसे चर्चित मुकाबलों में शामिल था। रामास्वामी भारतीय मूल के कारोबारी और बायोटेक्नोलॉजी उद्यमी हैं। उनके माता-पिता केरल से अमेरिका गए थे। वह पहले रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की कोशिश भी कर चुके हैं।

SIR पर चुनाव आयोग में फूट! 10 महीने में 14 बार दो चुनाव आयुक्तों ने फैसलों पर जताई नाराजगी, जानकारी के बिना निर्णय लेने का लगाया आरोप

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m