दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। जिले के पिपरिया से उच्च शिक्षा और छात्रहित को लेकर एक महत्वपूर्ण मांग सामने आई है। यहां शहीद भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की नियमित छात्राओं ने लंबे समय से बंद पड़े गर्ल्स हॉस्टल को शीघ्र संचालित करने की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। छात्राओं ने उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त के नाम अनुविभागीय अधिकारी पिररिया के कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन सौंपने के दौरान एसडीएम बैठक में व्यस्थ थे जिसके चलते उनके कार्यालय में यह पत्र प्रस्तुत किया गया।
ये भी पढ़ें: गेहूं बोया नहीं और कागजों पर बेच दिया! चंबल में महाघोटाला; 10 समितियों पर FIR, 15 पटवारी सस्पेंड
दूर-दराज से आने वाली ग्रामीण और आदिवासी छात्राओं को हो रही परेशानी
छात्राओं ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान अपनी गंभीर समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए बताया कि इस शासकीय कॉलेज में पढ़ने वाली अधिकांश छात्राएं दूर-दराज के ग्रामीण और आदिवासी अंचलों से आती हैं। कॉलेज का छात्रावास लंबे समय से बंद पड़ा है, जिसके कारण इन बेटियों को प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर कॉलेज आना पड़ता है। इससे न केवल उनका समय और पैसा बर्बाद हो रहा है, बल्कि उन्हें सुरक्षा संबंधी चिंताओं का भी सामना करना पड़ता है। इस बदहाली और असुविधा की वजह से उनकी नियमित पढ़ाई पर बेहद बुरा असर पड़ रहा है।

“सुरक्षित माहौल मिलेगा, तभी बेटियां पूरा कर पाएंगी सपना”
इस अवसर पर कॉलेज की छात्रा वीणा उइके ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि शिक्षा समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। जब बेटियों को सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल मिलेगा, तभी वे अपने सपनों को पूरा कर राष्ट्र निर्माण में सहयोग दे पाएंगी। छात्रावास ग्रामीण बेटियों के उज्ज्वल भविष्य का आधार है।

छात्राओं ने मध्य प्रदेश शासन और उच्च शिक्षा विभाग से पुरजोर आग्रह किया है कि छात्रहित को सर्वोपरि मानते हुए हॉस्टल की तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही सभी मूलभूत सुविधाओं को चाक-चौबंद कर इसे जल्द से जल्द शुरू किया जाए ताकि छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो।
ये भी पढ़ें: लाखों का बजट और 20 दिन की ‘उम्र’! सिंगरौली में करप्शन की भेंट चढ़ी नई सड़क
ज्ञापन सौंपने के दौरान ये छात्राएं रहीं मौजूद
पिपरिया एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के दौरान वीणा उइके, माशूम मर्सकोले, महक ठाकुर, खुशबू जाटव, सपना अहिरवार और नंदनी सिलावट सहित कॉलेज की कई नियमित छात्राएं मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

