कुरुक्षेत्र। पिपली में दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर सड़क हादसे में 9 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान लक्ष्मण के रूप में हुई है। वह चौथी कक्षा में पढ़ता था। हादसा उस समय हुआ, जब वह स्कूल से घर लौटने के बाद खेलने के लिए बाहर निकला था।
परिजनों के मुताबिक, लक्ष्मण काफी देर तक घर नहीं लौटा। इसके बाद परिवार ने आसपास उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि पिपली बस स्टैंड के सामने जीटी रोड पर एक बच्चे का सड़क हादसा हुआ है। बच्चे को एंबुलेंस से एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र ले जाया गया था।
अस्पताल में शव देखकर हुई पहचान
सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। डेड हाउस में बच्चे का शव देखकर उन्होंने उसकी पहचान लक्ष्मण के रूप में की। परिजनों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि किसी वाहन की चपेट में आने के बाद बच्चे का सिर बुरी तरह कुचल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
लक्ष्मण के पिता दुधनाथ ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के रहने वाले हैं। वह पिपली की गुरुद्वारा वाली गली में किराए के मकान में परिवार के साथ रहते हैं और माली का काम करते हैं।
चार भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था लक्ष्मण
दुधनाथ के चार बेटे और दो बेटियां हैं। लक्ष्मण सभी भाई-बहनों में सबसे छोटा था। पिता के अनुसार, स्कूल से घर आने के बाद लक्ष्मण खेलने की बात कहकर बाहर निकला था। इसके बाद परिवार को उसके सड़क हादसे की जानकारी मिली।
टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे वाली जगह के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फुटेज के जरिए बच्चे को टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


