Automobile Desk – Pirelli-BKT Deal : भारतीय पैसेंजर व्हीकल मार्केट में रफ्तार पकड़ती लग्जरी और प्रीमियम गाड़ियों की डिमांड को देखते हुए ग्लोबल टायर मेकर्स अब देश के भीतर ही मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने पर ध्यान दे रहे हैं। इसी क्रम में इटली की जानी-मानी प्रीमियम टायर ब्रांड पिरेली (Pirelli) और भारत की बालकृष्ण इंडस्ट्रीज लिमिटेड (BKT) के बीच एक बड़ा रणनीतिक करार हुआ है। इस समझौते के तहत BKT भारत में स्थापित अपने नए और आधुनिक प्रोडक्शन प्लांट में Pirelli ब्रांड नाम से टायरों का निर्माण करेगी।

भारत मौजूदा समय में दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते ऑटोमोबाइल बाजारों में से एक बनकर उभरा है। ऑटो सेक्टर के जानकारों का मानना है कि साल 2025 से 2030 के दौरान देश में कार रजिस्ट्रेशन में सालाना 5 से 7 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इस मांग के साथ-साथ हाई-एंड और प्रीमियम कारों के सेगमेंट में भी उछाल आया है, जिससे आने वाले पांच सालों में प्रीमियम कार टायरों की खपत लगभग पांच गुना तक बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इसी मार्केट शेयर पर पकड़ मजबूत करने के लिए दोनों दिग्गजों ने यह हाथ मिलाया है।

2030 तक 8 लाख टायरों का निर्माण

साझेदारी के पहले फेज के तहत, BKT अपने एडवांस्ड टेक्नोलॉजी वाले नए प्लांट में Pirelli के मानकों के अनुरूप टायरों की ढलाई शुरू करेगी। करार के मुताबिक, साल 2030 तक इस फैसिलिटी में अधिकतम 8 लाख Pirelli ब्रांडेड टायरों का उत्पादन किया जाएगा। यह पूरा प्रोडक्शन Pirelli के वैश्विक सेफ्टी, क्वालिटी और टेक्निकल पैरामीटर्स के तहत ही पूरा किया जाएगा, ताकि टायरों की परफॉर्मेंस और प्रीमियम क्वालिटी से कोई समझौता न हो।

भविष्य में 50-50 जॉइंट वेंचर की राह

दोनों कंपनियों ने इस सहयोग को लंबे समय तक ले जाने की रूपरेखा तैयार की है। शुरुआती चरण के सफल निष्पादन और तय व्यापारिक शर्तों के पूरा होने पर दोनों पक्ष 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी वाला एक संयुक्त उद्यम (Joint Venture) गठित करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। इस जॉइंट वेंचर के तहत एक समर्पित मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करने की योजना है, जहां BKT और Pirelli दोनों ब्रांड्स के प्रीमियम टायरों का उत्पादन होगा। यहां बनने वाले टायरों को न केवल घरेलू बाजार में बेचा जाएगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी एक्सपोर्ट किया जाएगा।

दोनों कंपनियों के लिए बिजनेस के नए अवसर

फिलहाल Pirelli भारत में मुख्य रूप से सेल्स, डिस्ट्रीब्यूशन और मार्केटिंग गतिविधियों के जरिए अपनी मौजूदगी दर्ज कराती रही है। स्थानीय स्तर पर मैन्युफैक्चरिंग सपोर्ट मिलने से कंपनी को अपनी लागत घटाने और सप्लाई चेन को मजबूत करने में सीधी मदद मिलेगी।

दूसरी ओर, BKT अब तक मुख्य रूप से एग्रीकल्चर, कंस्ट्रक्शन और इंडस्ट्रियल सेक्टर्स के लिए ऑफ-हाईवे टायर (OHT) सेगमेंट में एक स्थापित नाम रही है। इस डील के जरिए BKT को पैसेंजर व्हीकल (प्रीमियम कार) सेगमेंट में सीधा प्रवेश मिलेगा, जिससे उसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का दायरा बढ़ेगा।

कंपनी के शीर्ष नेतृत्व ने इस पार्टनरशिप को भारत के ऑटोमोटिव परिदृश्य के लिए एक अहम पड़ाव बताया है। Pirelli के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन मार्को ट्रोंकेटी प्रोवेरा और CEO एंड्रिया कासालुची ने भारतीय बाजार की क्षमता पर भरोसा जताते हुए कहा कि स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग से भारतीय ग्राहकों को वर्ल्ड-क्लास प्रीमियम टायर आसानी से उपलब्ध होंगे। वहीं BKT के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर अरविंद पोद्दार और जॉइंट MD राजीव पोद्दार के अनुसार, यह समझौता BKT की एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और ग्लोबल क्वालिटी स्टैंडर्ड्स पर मुहर लगाता है।