Odisha Desk, भुवनेश्वर: सुप्रीम कोर्ट में 17 सितंबर को होने वाली महत्वपूर्ण सुनवाई से पहले ओडिशा के ‘राज्य सजा समीक्षा बोर्ड’ ने दारा सिंह की समयपूर्व रिहाई की याचिका को खारिज कर दिया है। दारा सिंह 1999 में ऑस्ट्रेलियाई मिशनरी ग्राहम स्टेंस और उनके दो मासूम बेटों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है।
67 वर्षीय दारा सिंह 26 साल और 6 महीने से अधिक समय से जेल में बंद है और राज्य की 2022 की छूट नीति के तहत विचार के योग्य था। 31 अगस्त को हुई एक विशेष बैठक में समीक्षा बोर्ड ने उसकी रिहाई याचिका पर विचार करते हुए कहा कि उसकी समयपूर्व रिहाई के व्यापक सामाजिक परिणाम हो सकते हैं और इससे सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने का खतरा है।
बोर्ड ने क्यों खारिज की याचिका ?
के्योंझर जिला प्रशासन की हालिया रिपोर्ट में बताया गया कि 15 अगस्त को ‘दारा सेना’ से जुड़े लगभग 200-250 लोग के्योंझर जिला जेल के बाहर एकत्र हुए थे और भड़काऊ नारे लगाए थे।
बोर्ड ने पाया कि जिला प्रशासन ने अपनी नवीनतम रिपोर्ट में कोई स्पष्ट सिफारिश नहीं की थी। इसके बावजूद बोर्ड ने रिहाई न करने की सिफारिश की।
इससे पहले भी 2016, 2019, 2020, 2022 और 2023 में दारा सिंह की रिहाई की याचिकाओं को सांप्रदायिक शांति का हवाला देकर खारिज किया जा चुका है।
दारा सिंह ने 2024 में सुप्रीम कोर्ट का रुख कर राज्य सरकार को उसकी रिहाई पर विचार करने का निर्देश देने की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट ने उसकी लंबी कैद को ध्यान में रखते हुए 19 अगस्त को बोर्ड को 2 सितंबर तक इस मामले में अंतिम निर्णय लेने का निर्देश दिया था।
2003 में सीबीआई अदालत ने दारा सिंह को मृत्युदंड सुनाया था। 2005 में उड़ीसा उच्च न्यायालय ने 11 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया और दारा सिंह की सजा को उम्रकैद में बदल दिया, जिसे बाद में सुप्रीम कोर्ट ने भी बरकरार रखा।
दारा सिंह को मयूरभंज में कैथोलिक पादरी फादर अरुल डॉस और व्यापारी एसके रहमान की हत्या के मामलों में भी 2007 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।
स्टेंस मामले में एक अन्य दोषी महेंद्र हेम्ब्रम को अप्रैल 2025 में समयपूर्व रिहा कर दिया गया था।
हालांकि जेल रिकॉर्ड में दारा सिंह के आचरण को अच्छा बताया गया है, लेकिन उसे कभी पैरोल या फर्लो नहीं मिली है और उसकी समयपूर्व रिहाई की कोशिशें एक बार फिर विफल हो गई हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



