पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में TMC नेता जहांगीर खान को छुड़ाने के कथित प्रयास के बाद बड़ा हंगामा सामने आया है. फलता इलाका मंगलवार को उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब गिरफ्तार जहांगीर खान को छुड़ाने के लिए उसकी पत्नी के नेतृत्व में भारी भीड़ ने थाने पर हमले की कोशिश की. मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है.
इलाके में ‘पुष्पा’ के नाम से कुख्यात जहांगीर के समर्थकों ने फलता थाने को घेरकर हिंसक वारदात को अंजाम देने की पूरी साजिश रची थी.
दक्षिण 24 परगना जिले के फालता (Falta) इलाके में बुधवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कद्दावर और कुख्यात नेता जहांगीर खान को लॉकअप से छुड़ाने के लिए सैकड़ों समर्थकों ने फालता थाने पर धावा बोल दिया. खुफिया इनपुट मिलते ही मौके पर मुस्तैद केंद्रीय बल और पुलिस के जवानों ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया.
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस साजिश के कथित मास्टरमाइंड के तौर पर जहांगीर खान की पत्नी को नामजद किया गया है.

जैसे ही भीड़ ने थाने के भीतर घुसने का प्रयास किया, केंद्रीय बलों के जवानों ने लाठियां भांजते हुए उन्हें खदेड़ना शुरू कर दिया. जवानों के इस कड़े एक्शन से प्रदर्शनकारियों में भगदड़ मच गई.
पुलिस के आला अधिकारियों के अनुसार खुफिया इनपुट के आधार पर प्रशासन ने भीड़ की मंशा को पहले ही भांप लिया था. थाने पर पहले से ही भारी तादाद में राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों (Central Forces) की तैनाती कर दी गयी. जवानों ने समय रहते मोर्चा संभाल लिया और पूरी भीड़ को खदेड़ दिया.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया है और पूरे थाना परिसर को छावनी में तब्दील कर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक खुफिया विभाग ने जहांगीर की पत्नी को इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड करार दिया है. वह सोमवार रात से ही पूरे क्षेत्र में घूम-घूमकर और सोशल मीडिया के जरिये समर्थकों को कानून हाथ में लेने के लिए भड़का रही थीं. इस संबंध में उनके खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

