कन्नौज को वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 5,700 नए आवासों का लक्ष्य मिला है. पात्र परिवारों को मकान निर्माण के लिए 1.20 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी.
कन्नौज. प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत कन्नौज जिले को वित्तीय वर्ष 2026-27 के अक्टूबर महीने में 5,700 नए आवासों का लक्ष्य मिला है. लंबे समय से योजना के तहत आवास का इंतजार कर रहे पात्र ग्रामीण परिवारों को अब पहली किस्त मिलने का रास्ता साफ हो गया है.
इससे पहले वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले को सिर्फ 328 आवासों का लक्ष्य मिला था. इसके बाद योजना के तहत नए आवासों के लक्ष्य का इंतजार बना हुआ था, लेकिन अब नए लक्ष्य के आवंटन के बाद प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है.
आठ ब्लॉकों में बंटेगा लक्ष्य
शासन से मिले 5,700 आवासों के लक्ष्य को जिले के सभी आठ विकास खंडों में विभाजित किया जाएगा. योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को पक्का मकान बनाने के लिए 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी. इसके साथ ही पात्र परिवारों को आवास के साथ जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अन्य योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा.
शौचालय के लिए 12 हजार
आवास योजना के लाभार्थियों को इज्जतघर निर्माण के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी. इसके अलावा मकान निर्माण के दौरान परिवार को 90 दिनों की अकुशल मजदूरी का भुगतान भी किया जाएगा.
इस व्यवस्था का उद्देश्य निर्माण के दौरान गरीब परिवारों पर पड़ने वाले अतिरिक्त आर्थिक बोझ को कम करना है.
डीबीटी से आएगी पहली किस्त
ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक राम औतार सिंह ने बताया कि शासन स्तर से आवास निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हो चुका है. पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में आवास निर्माण की पहली किस्त डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी.
नए आवासों के लक्ष्य से ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से पक्के घर का इंतजार कर रहे परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है.

