उत्तर प्रदेश में पीएम ई-विद्या के पांच डीटीएच चैनलों को अब यूट्यूब पर भी उपलब्ध कराया गया है. विद्यार्थी अपनी कक्षा के अनुसार शैक्षिक सामग्री देखकर पाठों को दोहरा सकते हैं.

सतीश सिंह, लखनऊ. शिक्षा को स्कूल की चारदीवारी से बाहर निकालकर हर बच्चे तक पहुंचाने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. उत्तर प्रदेश में पीएम ई-विद्या के पांच डीटीएच चैनलों को अब यूट्यूब पर भी उपलब्ध करा दिया गया है. इससे बाल वाटिका से कक्षा 12 तक के विद्यार्थी घर बैठे अपनी कक्षा के अनुरूप शैक्षिक सामग्री देख सकते हैं और पाठों को बार-बार दोहरा सकते हैं.

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ने तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हर बच्चे तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है. पीएम ई-विद्या के कक्षा-वार चैनलों को यूट्यूब पर उपलब्ध कराने से विद्यार्थियों को घर बैठे सीखने और अपनी पढ़ाई दोहराने का सहज अवसर मिलता है.

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) उत्तर प्रदेश के संयुक्त निदेशक डॉ. पवन सचान ने बताया कि एससीईआरटी यूपी के पीएम ई-विद्या चैनलों को यूट्यूब से जोड़ने से डिजिटल शैक्षिक सामग्री की पहुंच और व्यापक हुई है. विद्यार्थी अपनी कक्षा के अनुसार संबंधित चैनल से जुड़कर सरलता से शैक्षिक सामग्री का लाभ उठा सकते हैं.

डीटीएच के साथ यूट्यूब

उन्होंने कहा कि इस डिजिटल पहल से पीएम ई-विद्या की कक्षा-वार सामग्री अब और अधिक सहज व सुलभ हो गई है. डीटीएच के साथ-साथ यूट्यूब माध्यम से सीखने के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है, ताकि तकनीक के जरिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हर घर तक पहुंचे.

इन चैनलों को निशुल्क सब्सक्राइब किया जा सकता है. विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार वीडियो देखकर विषयों को दोहरा सकते हैं और सीख को मजबूत कर सकते हैं. शिक्षक व अभिभावक भी इन संसाधनों का उपयोग कर सकते हैं.

कक्षा-वार चैनल

चैनल 173 पर बाल वाटिका से कक्षा 2, चैनल 174 पर कक्षा 3 से 5, चैनल 175 पर कक्षा 6 से 8, चैनल 176 पर कक्षा 9-10 और चैनल 177 पर कक्षा 11-12 के विद्यार्थियों के लिए सामग्री उपलब्ध है.