प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की. उत्तर प्रदेश के 2.44 करोड़ किसानों के खातों में 4,482.19 करोड़ रुपये और प्रयागराज के करीब 5.96 लाख किसानों को भी इस किस्त का लाभ मिला.
लखनऊ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की. इसके तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक पात्र किसान परिवारों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 2-2 हजार रुपये भेजे गए. उत्तर प्रदेश के 2.44 करोड़ किसानों को भी इस किस्त का लाभ मिला है. उनके खातों में कुल 4,482.19 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए.
यूपी को मिली बड़ी राशि
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के तहत उत्तर प्रदेश के किसानों को 4,482.19 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मिली है. इससे पहले जारी 23वीं किस्त में प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 4,370.26 करोड़ रुपये भेजे गए थे.
योजना के तहत 22वीं किस्त तक उत्तर प्रदेश के कुल 3.12 करोड़ कृषक परिवारों के बैंक खातों में 99,032.58 करोड़ रुपये सीधे हस्तांतरित किए जा चुके थे.
सालाना मिलते हैं 6 हजार रुपये
केंद्र सरकार ने किसानों को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना शुरू की थी. यह पूरी तरह केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित योजना है और दुनिया की सबसे बड़ी प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) योजनाओं में शामिल है.
इसके अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता दी जाती है. यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है. इसका उद्देश्य किसानों को खेती से जुड़ी जरूरतों के लिए आर्थिक मदद उपलब्ध कराना है, ताकि वे कम लागत में बेहतर उत्पादन कर सकें.
प्रयागराज के 5.96 लाख किसानों को लाभ
प्रयागराज जिले में भी शुक्रवार, 30 अक्टूबर को करीब 5.96 लाख किसानों के बैंक खातों में 24वीं किस्त की राशि भेजी गई. बनासकांठा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किस्त जारी किए जाने के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रयागराज के विकास भवन स्थित गंगा सभागार में किया गया.
इस दौरान जिले के प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे. जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने किसानों के साथ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा.
सभागार में मौजूद उप कृषि निदेशक पवन कुमार विश्वकर्मा ने योजना से जुड़े आंकड़े साझा किए. उन्होंने बताया कि जिले के करीब छह लाख पंजीकृत किसानों को इस किस्त का सीधा लाभ मिला है.
ऐसे चेक करें किस्त का स्टेटस
किसान घर बैठे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि अपने खाते में पहुंचने की स्थिति देख सकते हैं.
इसके लिए पीएम किसान के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर किसान कॉर्नर में जाना होगा. यहां रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करने के बाद कैप्चा भरें. इसके बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करने पर किस्त का स्टेटस स्क्रीन पर दिखाई देगा. इससे पता चल जाएगा कि 2,000 रुपये की राशि खाते में ट्रांसफर हुई है या नहीं.

