इटली में बढ़ती महंगाई के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों के हिंसक होने के बाद भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. प्रदर्शन हिंसक होने के बाद प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सार्वजनिक व्यवस्था पर बैठक बुलाई. भारतीय मिशन ने नागरिकों को प्रदर्शन स्थलों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की सलाह दी. हालात को नियंत्रित करने के लिए दंगा-रोधी उपकरणों से लैस पुलिस ने आंसू गैस और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया.
फ्रांस के बाद इटली में बढ़ती महंगाई, महंगी होती रोजमर्रा की जरूरतों और सार्वजनिक सेवाओं की बदहाली के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया है.
इटली में पिछले सप्ताह कई शहरों में हुए प्रदर्शनों और हिंसा के बाद भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवायजरी जारी की है. दूतावास ने भारतीयों से सावधानी बरतने, भीड़भाड़ वाली जगहों और प्रदर्शन वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है.
आपात स्थिति में भारतीय नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:- भारतीय दूतावास, रोम: +39 331 614 2085,- भारत का महावाणिज्य दूतावास, मिलान: +39 3881647527.एडवाइजरी में कहा गया है कि किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक संबंधित भारतीय मिशन से संपर्क करें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें.
इस बीच, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने हिंसा की घटनाओं के बाद सोमवार को इमरजेंसी सिक्योरिटी बैठक बुलाई है. इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने हिंसक घटनाओं की निंदा करते हुए कहा कि प्रदर्शन करना अधिकार है, लेकिन शहरों में आगजनी करना नहीं.
मिलान में रविवार को हुए उपद्रव के दौरान पुलिस ने 271 युवाओं को हिरासत में लिया. जिसमें से 32 को गिरफ्तार किया गया. हिरासत में लिए गए लोगों में 23 नाबालिग और 13 विदेशी नागरिक शामिल बताए गए हैं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

