उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने लखनऊ-हरदोई सीमा पर 1000 एकड़ भूमि में पीएम मित्र मेगा एकीकृत वस्त्र क्षेत्र एवं परिधान पार्क के विकास को मंजूरी दी है. ट्रिपल पी के तहत विकसित होने वाली इस परियोजना पर 1950 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.

सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में लखनऊ-हरदोई सीमा पर 1000 एकड़ (404.69 हेक्टेयर) भूमि में ‘पीएम मित्र मेगा एकीकृत वस्त्र क्षेत्र एवं परिधान पार्क’ के विकास को मंजूरी दी गई. ट्रिपल पी के तहत विकसित होने वाले इस पार्क पर 1950 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.

5F विजन को बढ़ावा

प्रदेश के हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5F विजन – फार्म से फाइबर, फाइबर से फैक्ट्री, फैक्ट्री से फैशन, फैशन से फॉरेन तक को साकार करने की दिशा में उत्तर प्रदेश में पीएम मित्र पार्क मील का पत्थर साबित होगा.

लोकभवन में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान प्रमुख सचिव अनिल सागर ने बताया कि परियोजना के क्रियान्वयन के लिए ‘पीएम मित्र पार्क उत्तर प्रदेश लिमिटेड’ नाम से एक स्पेशल पर्पज व्हीकल (SPV) का गठन किया जा चुका है. इस SPV में उत्तर प्रदेश सरकार की 51 प्रतिशत तथा भारत सरकार की 49 प्रतिशत अंशधारिता है.

राज्य सरकार की जिम्मेदारी

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पार्क के लिए 1000 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के साथ प्रवेश द्वार तक सिक्स-लेन सड़क संपर्क, विद्युत एवं जलापूर्ति जैसी बाह्य अवस्थापना सुविधाओं का विकास करेगी. भूमि को SPV को 99 वर्ष की लीज पर मात्र 1 प्रति एकड़ प्रतिवर्ष की दर से हस्तांतरित किया गया है.

वहीं, भारत सरकार का वस्त्र मंत्रालय ग्रीनफील्ड पार्क परियोजना के तहत कुल लागत का 30 प्रतिशत, अधिकतम 500 करोड़ रुपये, अनुदान के रूप में प्रदान करेगा.

मास्टर डेवलपर करेगा संचालन

पार्क का विकास, विपणन, संचालन एवं रखरखाव सार्वजनिक-निजी सहभागिता के आधार पर चयनित मास्टर डेवलपर द्वारा किया जाएगा. मास्टर डेवलपर पार्क के भीतर आंतरिक सड़कें, विद्युत वितरण, जल एवं अपशिष्ट जल शोधन सुविधाओं जैसी व्यवस्थाएं विकसित करेगा.