लखनऊ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत तमाम नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े उनके योगदान की बात कही. यूपी में पीएम मोदी के जन्मदिन से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत भी हो रही है. यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा.
इसे भी पढ़ें- मेरठ कॉलेज में छात्रों के दो गुट भिड़े, पुलिस के सामने बेल्ट से मारपीट; 6 हिरासत में
योगी ने बताया सेवा संकल्प अभियान का प्लान
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ होगा. उन्होंने बताया कि इस अभियान के जरिए सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. वाराणसी में पीएम मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प’ बाइक यात्रा भी प्रस्तावित है, जिसे योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरी झंडी दिखाएंगे. योगी ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की.
विश्वकर्मा जयंती पर लखनऊ में कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर लखनऊ में ‘विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0’ के तहत ‘विश्वकर्मा स्वरोजगार एवं स्वदेशी मेला 2026’ से जुड़ी प्रदर्शनी और मार्जिन मनी ऋण पोर्टल के शुभारंभ की जानकारी भी दी. विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और टूलकिट वितरित किए जाने की बात कही गई है. लखनऊ में विश्वकर्मा जयंती के कार्यक्रमों के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है.
अखिलेश ने दी शुभकामनाएं
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने अपने संदेश में प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सक्रिय और सार्थक जीवन की कामना की. राजनीतिक मतभेदों से अलग अखिलेश का संदेश प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामना देने तक सीमित रहा.
वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अस्पतालों में फल वितरण और रक्तदान शिविर जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- अलीगढ़ में करणी सेना जिलाध्यक्ष पर भीड़ का हमला, दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; अंबेडकर पार्क में लगवाए नारे
केशव मौर्य ने भी दी बधाई
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके व्यक्तित्व की संवेदनशीलता, सहजता और आत्मीयता का उल्लेख किया. उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ अपनी व्यक्तिगत स्मृतियों का जिक्र करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की. बता दें कि यूपी में महीने भर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अलग-अलग स्थानों पर सेवा, जनसंपर्क और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.



