प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के स्पेस स्टार्टअप्स की जमकर तारीफ करते हुए राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर स्टार्टअप्स के सीईओ और संस्थापकों से बातचीत की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक निवास पर देश के अंतरिक्ष क्षेत्र के 20 स्टार्टअप्स के सीईओ और संस्थापकों से मुलाकात की. पीएम मोदी ने कहा कि भारत में ऐसा माहौल तैयार होना चाहिए कि दुनिया भर के लोगों को अगर स्पेस सेक्टर में अपना करियर बनाना हो तो भारत आना पड़े.
पीएम मोदी ने देश के 20 स्पेस स्टार्टअप्स के CEOs से बातचीत की. इस दरान उन्होंने युवा उद्यमियों की हिम्मत और सरकार पर उनके भरोसे की सराहना की.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश के स्पेस सेक्टर को नई रफ्तार देने वाले स्टार्टअप्स के सीईओ और फाउंडर्स से मुलाकात कर कहा कि आपने एक नए क्षेत्र में हिम्मत दिखाई है. सबसे बड़ी बात यह है कि आपने सरकार पर भरोसा किया है. मेरा मानना है कि हम जो भी निर्णय करें, उस पर अडिग रहें और बार-बार बदलाव न करें, ताकि कोई भी रिस्क ले तो उस पर भरोसा रहे.
पीएम मोदी ने कहा कि देश में टैलेंट की कमी नहीं है. इस दौरान देश के तेजी से उभरते निजी अंतरिक्ष क्षेत्र, नई तकनीकों, नवाचार और भारत को वैश्विक अंतरिक्ष नेतृत्व की दिशा में आगे ले जाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई. इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत का निजी अंतरिक्ष क्षेत्र दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है और वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है.
पीएम मोदी ने कहा कि हमें ऐसा माहौल और व्यवस्था बनानी चाहिए कि जब दुनिया अंतरिक्ष क्षेत्र के बारे में सोचे, तो सबसे पहले भारत की ओर देखे. किसी भारतीय स्टार्टअप या भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी से जुड़ना चाहिए. यही भरोसा हम बनाए रखना चाहते हैं. मुझे पूरा यकीन है कि भारत अंतरिक्ष क्षेत्र में दुनिया भर की प्रतिभाओं को अपनी तरफ खींच सकता है.
उन्होंने आगे कहा कि प्रतिभा की गुणवत्ता पर कोई शक नहीं है और हमारे देश के लोगों में जोखिम लेने की स्वाभाविक क्षमता ज्यादा है. इसलिए हम जल्दी ही इस क्षेत्र में अपना खास मुकाम बना सकते हैं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

