चंडीगढ़। हरियाणा की सियासत में शनिवार को उस वक्त हलचल बढ़ गई, जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ प्रदेश के सभी 48 भाजपा विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने दिल्ली पहुंचे। 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पर हुई इस बैठक में सरकार और संगठन से जुड़े कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने बाद में मुलाकात को लेकर कहा कि हरियाणा के भाजपा विधायकों के साथ सार्थक संवाद हुआ और जनकल्याण के लिए और प्रभावी तरीके से काम करने पर चर्चा हुई।

यह बैठक ऐसे समय हुई है जब हरियाणा भाजपा में हाल ही में संगठनात्मक स्तर पर बदलाव हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के अलावा हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी भोला सिंह भी बैठक में शामिल रहे। केंद्रीय नेतृत्व के साथ विधायकों की यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इसमें सरकार के कामकाज के साथ जमीनी स्तर की स्थिति पर सीधे फीडबैक लिए जाने की बात सामने आई है।

हर विधायक से लिया जा सकता है क्षेत्र का फीडबैक

बैठक का औपचारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया था। हालांकि उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, विधायकों से उनके विधानसभा क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं, सरकारी योजनाओं और जनता की प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी ली जा सकती है। मंत्रियों से उनके विभागों के कामकाज और केंद्र की योजनाओं के क्रियान्वयन का ब्यौरा भी चर्चा का हिस्सा हो सकता है।

विधायकों के बीच भी बैठक को लेकर दिखी उत्सुकता

प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले भाजपा विधायक विपुल गोयल ने कहा कि सभी में प्रधानमंत्री से मिलने को लेकर उत्सुकता है। विधायक योगेंद्र राणा ने इसे हरियाणा के सभी 48 विधायकों के लिए प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर बताया। वहीं विधायक कृष्ण अहलावत ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पहली बार इस तरह विधायकों को बुलाया है और बैठक से कुछ सीखने तथा अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।

SIR और राजनीतिक हालात पर भी नजर

हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक बहस जारी है। ऐसे में बैठक के दौरान प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक माहौल पर भी फीडबैक लिए जाने की चर्चा रही, हालांकि बैठक का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है। भाजपा की ओर से इस बैठक को मुख्य रूप से सरकार के कामकाज और जनकल्याण से जोड़कर बताया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हरियाणा के सभी भाजपा विधायकों से मुलाकात सुखद रही और कई विषयों पर सार्थक संवाद हुआ। उन्होंने जनसेवा और जनकल्याण के लिए और प्रभावी ढंग से काम करने पर चर्चा की बात कही