प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम से टेलीफोन पर बातचीत कर उन्हें पदभार संभालने पर बधाई दी। दोनों नेताओं ने भारत-ब्रिटेन संबंधों को और मजबूत बनाने तथा हाल ही में लागू हुए भारत-यूके कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (CETA) का अधिकतम लाभ उठाने पर सहमति जताई। पीएम मोदी ने इस बातचीत की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की।

भारत-यूके रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में कहा कि दोनों देशों ने कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, रक्षा, सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

ट्रेड एग्रीमेंट से व्यापार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ब्रिटेन हाल ही में लागू हुए कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (CETA) के तहत मिलने वाले व्यापार और निवेश के अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए साथ मिलकर काम करेंगे। इस समझौते से दोनों देशों के कारोबारियों, उद्योगों और निवेशकों को नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

15 जुलाई से लागू हुआ भारत-यूके ट्रेड एग्रीमेंट

भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ ट्रेड एग्रीमेंट 15 जुलाई से प्रभावी हो चुका है। इस समझौते के तहत कई उत्पादों पर टैरिफ में बड़ी कटौती की गई है, जिससे दोनों देशों के बीच वस्तुओं और सेवाओं के द्विपक्षीय व्यापार में तेजी आने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे व्यापारिक संबंधों के साथ-साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।

PM Modi ने बताया था ऐतिहासिक कदम

ट्रेड एग्रीमेंट लागू होने के बाद 15 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी ने इसे भारत-ब्रिटेन संबंधों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया था। उन्होंने कहा था कि कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (CETA) और सोशल सिक्योरिटी एग्रीमेंट दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई मजबूती देंगे और साझा महत्वाकांक्षाओं को वास्तविक अवसरों में बदलने का काम करेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m