प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वडोदरा में आयोजित ‘नमो 4 विकसित भारत’ कार्यक्रम एक नए और अनोखे प्रयोग का गवाह बना। इस सरकारी आयोजन में पीएम मोदी की एंट्री किसी रॉक स्टार या यूथ कंसर्ट जैसी रही, जिसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। 35 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने पहुंचे पीएम मोदी का यह नया अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यूथ कंसर्ट जैसा माहौल और नई थीम

कार्यक्रम में जैसे ही पीएम मोदी की एंट्री हुई, बैकग्राउंड में सुपरहिट गाना ‘आरी-आरी’ बजा। इसके बाद वे पहली बार किसी सरकारी कार्यक्रम में लंबी रैंप पर चलते हुए स्टेज तक पहुंचे। इस दौरान ‘वी विल रॉक यू’, ‘नमो नमो’ और ‘मां हीरा बा का लाल’ जैसे गाने बजते रहे। रैंप वॉक के दौरान पीएम मोदी बेहद खुश नजर आए और उन्होंने दोनों तरफ खड़े युवाओं का अभिवादन स्वीकार किया।

विपक्ष और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार

इस मंच से पीएम मोदी ने सीधे तौर पर नाम लिए बिना कांग्रेस और राहुल गांधी पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला। युवाओं का उत्साह देखकर पीएम मोदी ने कहा, “हर चौराहे पर झूठ से भटकाने वाले मिल जाएंगे, लेकिन आज का युवा सच की हुंकार से चलता है।”

रेलवे की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए पीएम ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा और कहा कि उनकी सरकार ने बीते 10 सालों में 50,000 रेल कोच बनाए हैं, जबकि पिछली सरकारें सही से 10 टॉयलेट भी नहीं बनवा सकीं। उन्होंने 2,800 किलोमीटर लंबे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का उद्घाटन करते हुए इसे देश की प्रगति का आधार बताया।

क्या अब बदल जाएगा सरकारी कार्यक्रमों का प्रोटोकॉल?

दशकों पुराने पारंपरिक और औपचारिक सरकारी प्रोटोकॉल को तोड़कर जिस तरह से वडोदरा का यह इवेंट आयोजित किया गया, उससे नई बहस छिड़ गई है। सूत्रों के मुताबिक, युवाओं को जोड़ने और विजुअल इम्पैक्ट को मजबूत करने के लिए आगे के सरकारी आयोजन भी इसी तर्ज पर हो सकते हैं।

इस नए प्रयोग पर सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने इस इवेंट पर ‘कॉपी पेस्ट’ का आरोप लगाया, वहीं भाजपा नेताओं ने पीएम मोदी के इस यूथ-कनेक्ट वाले वीडियो को शेयर करते हुए इसे विकास और आधुनिकता का नया प्रतीक करार दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें