Odisha Desk, भुवनेश्वर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 20 जून को ओडिशा के महत्वपूर्ण दौरे पर आ रहे हैं। राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के सफलतापूर्वक दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के गृह क्षेत्र मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा इस दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शेड्यूल

सुबह 11:05 बजे: प्रधानमंत्री का विशेष हेलीकॉप्टर मयूरभंज जिले के पहाड़पुर हेलीपैड पर लैंड करेगा। (यह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ससुराल का गांव भी है)।

सुबह 11:15 बजे: इसके तुरंत बाद पीएम मोदी गोसाणी पीठ मंदिर का दौरा करेंगे और वहां दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के मुख्य समारोह में हिस्सा लेंगे।

दोपहर 02:15 बजे: लगभग तीन घंटे के कार्यक्रमों में शामिल होने और जनसभा को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री ओडिशा से रवाना हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व वाली ओडिशा की ‘डबल इंजन’ सरकार इस अवसर को बेहद ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में है। रायरंगपुर के इस मेगा इवेंट में पिछले दो वर्षों के दौरान राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई जन-कल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और बड़ी सफलताओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू राज्य के विकास के लिए कई नई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे।

चूंकि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों वीवीआईपी (VVIP) हस्तियां एक साथ मौजूद रहेंगी, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मयूरभंज जिले और कार्यक्रम स्थलों के आसपास 150 प्लाटून पुलिस बल को तैनात किया गया है।

ओडिशा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खुद सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रहे हैं। सीमावर्ती इलाकों और हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले हर रास्ते पर सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि पूरा कार्यक्रम सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। यह कार्यक्रम न केवल भाजपा के दो साल के शासन का जश्न है, बल्कि ओडिशा के आगामी विकास का रोडमैप भी तय करेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m