प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के तहत लगभग 4,900 करोड़ रुपये की लागत से बने पूनामल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने इस नयी मेट्रो सेवाओं को हरी झंडी दिखाई और ट्रेन में सवारी भी की। ये नई मेट्रो सेवाएं मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के कॉरिडोर-चार के तहत संचालित होंगी। लगभग 15 किलोमीटर के नवनिर्मित खंड में कुल 11 एलिवेटेड स्टेशन हैं। लगभग 4,900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह कॉरिडोर उन इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का एक अहम हिस्सा है जिसका उद्घाटन किया गया।
4,900 करोड़ की लागत से तैयार मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूनमल्ली-वडापलानी कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इस परियोजना पर करीब 4,900 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने पोरूर बाईपास स्टेशन से पूनमल्ली बाईपास स्टेशन तक मेट्रो में सफर किया। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी इस दौरान मौजूद रहे। चेन्नई मेट्रो के विस्तार से शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने और लोगों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।
3,700 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं से सुधरेगी कनेक्टिविटी
प्रधानमंत्री करीब 3,700 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं से तमिलनाडु में सड़क संपर्क बेहतर होगा, यात्रा में लगने वाला समय कम होगा और शहरों में ट्रैफिक का दबाव घटाने में मदद मिलेगी। बेहतर सड़क नेटवर्क से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और राज्य की आर्थिक तरक्की को गति मिलने की भी उम्मीद है।
NH-744 के 36 किलोमीटर लंबे हिस्से का उद्घाटन
इसके अलावा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-744 के वडुगपट्टी-तेरकुवेंगनल्लूर खंड का उद्घाटन करेंगे। करीब 36 किलोमीटर लंबे इस हिस्से को चार लेन का बनाया गया है। इससे इलाके के प्रमुख धार्मिक स्थलों, औद्योगिक केंद्रों और व्यापारिक क्षेत्रों तक पहुंचना आसान होगा। सड़क बेहतर होने से यात्रियों के साथ-साथ सामान ढोने वाले वाहनों को भी सुविधा मिलेगी। इससे लोगों और माल की आवाजाही पहले के मुकाबले अधिक सुगम हो सकेगी।
थलपति विजय के सीएम बनने के बाद पीएम का पहला दौरा
बता दें कि तमिलनाडु में मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रधानमंत्री का चेन्नई में पहला दौरा है। पीएम मोदी चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचे और गवर्नर राजेंद्र आर्लेकर और मुख्यमंत्री विजय ने उनका स्वागत किया। एआईएडीएमके के जनरल सेक्रेटरी एडप्पादी के पलानीस्वामी और भाजपा नेता नैनार नागेंद्रन ने भी प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

