सोहराब आलम, मोतिहारी। अपराध के खिलाफ जिला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर रक्सौल SDPO मनीष आनंद के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में लूट/डकैती की योजना बना रहे चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।

चार अपराधी गिरफ्तार, अन्य फरार

दरअसल पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी की हरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कचुरवारी स्थित कचरा भवन के पास 9-10 अपराधी किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया और पुलिस की दबिश के दौरान एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस के साथ चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य मौके से फरार हो गए।

कई चौंकाने वाले खुलासे

गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपियों ने आदापुर थाना क्षेत्र में हुए किराना व्यवसाइ से लूट और गोलीबारी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, साथ ही एक अन्य कांड में रंगदारी मांगने की बात भी कबूली है।

इस मामले में हरपुर थाना कांड संख्या 50/26 दर्ज कर लिया गया है और फरार अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान नूर आलम उर्फ सिबुल, सहजाद अंसारी, समीर अंसारी (तीनों निवासी श्यामपुर बाजार, थाना-आदापुर) और अनवर आलम (निवासी कचुरवारी, थाना-हरपुर, जिला पूर्वी चंपारण) के रूप में हुई है।

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से इलाके में होने वाली बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया है और आगे भी अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। घटना के घटित होने से पहले पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने संभावित एक बड़ी वारदात को टाल दिया है। पुलिस का प्रयास अब गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर उनके पूरे गिरोह का पर्दाफाश करना और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी करने की होगी।

ये भी पढ़ें- अनंत सिंह के स्वागत में समर्थकों का हथियार लहराने का वीडियो वायरल, नर्तकी पर जमकर लुटाए पैसे