दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे थे आरोपी, तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

सोनू वर्मा, नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में मंगलवार सुबह पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक पिक-अप वाहन से 7 गोवंश, एक देशी कट्टा और अन्य सामान बरामद किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वाईवीआर शशि शेखर ने बताया कि सीआईए नूंह और सीआईए तावडू की संयुक्त टीम मंगलवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से बसई मेव कट के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग पिक-अप वाहन में गोवंश भरकर हरियाणा से राजस्थान ले जा रहे हैं और उनके आगे एक कार पायलट वाहन के रूप में चल रही है।

नाकाबंदी तोड़कर भागे आरोपी

सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन संदिग्ध कार और पिक-अप चालक ने रुकने के बजाय बैरिकेड्स तोड़ दिए और तेज रफ्तार से फरार होने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू किया। इस दौरान पायलट कार चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जबकि पिक-अप वाहन का पीछा जारी रहा।

फायरिंग के बाद मुठभेड़

पुलिस का दावा है कि पीछा किए जाने पर पिक-अप में सवार आरोपियों ने अवैध हथियारों से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में कार्रवाई की। पीछा करते हुए पुलिस गांव बसई मेव स्थित आर्य समाज मंदिर के पास पहुंची, जहां आरोपी वाहन से उतरकर भागने लगे।

इसी दौरान जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे और आबादी का फायदा उठाकर फरार हो गए। भागते समय पिक-अप वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गया।

राजस्थान का रहने वाला है घायल आरोपी

घायल आरोपी की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के भूतकावास निवासी जमशेद पुत्र दीनू के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए शहीद हसन खां मेडिकल कॉलेज, नूंह में भर्ती कराया गया है।

वाहन से 7 गोवंश और हथियार बरामद

पुलिस ने पिक-अप वाहन की तलाशी ली तो उसमें 7 गोवंश मिले। इसके अलावा एक देशी कट्टा और एक खाली कारतूस भी बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

कई धाराओं में केस दर्ज

फिरोजपुर झिरका सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नूंह में लगातार कार्रवाई

पुलिस के अनुसार एसपी डॉ. अर्पित जैन के कार्यकाल में यह गो-तस्करों के खिलाफ छठी बड़ी मुठभेड़ है। इन अभियानों में अब तक छह कथित गो-तस्कर घायल हो चुके हैं, जबकि कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है।

देखें वीडियो