संजय वाणी,आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिले के आम्बुआ क्षेत्र के अंतर्गत छोटा इटारा के दुडवा फलिया स्थित दो अलग-अलग खेतों पर दबिश देकर पुलिस ने भारी मात्रा में गांजे के पौधे बरामद किए हैं। जब्त किए गए पौधों का वजन 2.07 टन से अधिक बताया जा रहा है।

दो खेतों से कुल 2040 गांजे के पौधे जब्त

मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर आलीराजपुर पुलिस ने एक बड़ी और संयुक्त रणनीतिक कार्रवाई की। इस रेड को सफल बनाने के लिए आम्बुआ, उदयगढ़, आजाद नगर (भाभरा) और जोबट थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से दबिश दी। पुलिस ने छोटा इटारा के दुडवा फलिया में स्थित दो खेतों से कुल 2040 गांजे के पौधे जब्त किए हैं। इन हरे और विकसित हो रहे गांजे के पौधों का कुल वजन 2079 किलोग्राम आंका गया है। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए इस अवैध मशरूके (गांजे) की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।

आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज

जांच में सामने आया है कि यह अवैध खेती जिन जमीनों पर की जा रही थी, वहां के स्थानीय निवासी मुकाम चौहान और जगन इसके मुख्य आरोपी हैं। जोबट के एसडीओपी (SDOP) आशुतोष पटेल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। आरोपी मुकाम चौहान और जगन के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/20 के तहत अपराध क्रमांक 299/26 और 300/26 दर्ज किए गए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध खेती के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे और इस गांजे की सप्लाई कहां की जानी थी। मामले में आगे की वैधानिक और तस्दीक की कार्रवाई लगातार जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m