हेमंत शर्मा, इंदौर। बहुचर्चित नाना पटवारी मामले में ऑनलाइन सट्टे के फैलावे पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। राजेंद्र नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नाना पटवारी के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क संचालित करने वाले दो और सटोरियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पिकेश्वर माहेश्वरी और नीलेश बागड़ी गिरफ्तार

पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों की पहचान पिकेश्वर माहेश्वरी और नीलेश बागड़ी के रूप में हुई है। दोनों आरोपी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने के अवैध कारोबार से जुड़े हुए हैं।

मोबाइल ऐप की जांच से हुआ बड़ा खुलासा

नाना पटवारी के मोबाइल से मिले सट्टा ऐप (Satta App) की विस्तृत जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग और नेटवर्क की जानकारियां मिली थीं। इसी जांच के आधार पर मंगलवार को मनीष पमनानी और निखिल चौहान को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में मिली कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस पिकेश्वर माहेश्वरी और नीलेश बागड़ी तक पहुँची और उन्हें हिरासत में ले लिया।

अन्य सटोरियों से भी जुड़े तार

जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी पिकेश्वर का सीधे तौर पर मनीष पमनानी से जुड़ाव था। वहीं दूसरा आरोपी नीलेश, भाट मोहल्ला निवासी धम्मू भाट के साथ मिलकर सट्टे का कारोबार चला रहा था। पुलिस अब धम्मू भाट की भूमिका को लेकर भी गहन जांच कर रही है। राजेंद्र नगर पुलिस का कहना है कि नाना पटवारी मामले में ऑनलाइन सट्टे के पूरे सिंडिकेट को खत्म करने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m