पानीपत। हरियाणा के पानीपत में पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के रिजनल मैनेजर हर्षद कुमार हत्याकांड के दो फरार आरोपियों को मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया।
यह कार्रवाई पानीपत-खटीमा हाईवे (709 AD) पर जालपाड़ गांव के खेतों में की गई, जहां सीआईए-1 टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी की थी। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी।फायरिंग के दौरान एक गोली सब इंस्पेक्टर संजीव के पास से गुजर गई, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घायल कर काबू कर लिया।
दो आरोपी घायल, हथियार बरामद
मुठभेड़ में घायल आरोपियों की पहचान डाबर कॉलोनी निवासी सचिन और सुभाष नगर निवासी नवीन के रूप में हुई है। दोनों के पैरों में गोली लगी है।
मौके से पुलिस ने दो देसी पिस्तौल भी बरामद की हैं।दोनों आरोपियों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।इस मामले में सीआईए-1 टीम पहले ही डाबर कॉलोनी निवासी शरद उर्फ जोगी को कुटानी रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर चुकी है।

क्या है पूरा मामला
यह मामला 1 जून की रात का है, जब सेक्टर-25 स्थित मित्तल मॉल के पीछे एसबीआई हिसार की रिजनल शाखा के मुख्य प्रबंधक हर्षद कुमार से लूट की गई थी। उस समय वह बस स्टैंड से पैदल घर लौट रहे थे।
तीन बदमाशों ने उनसे सोने की चेन, चांदी का ब्रेसलेट, मोबाइल और पर्स लूट लिया था। विरोध करने पर उनके सिर में पेंचकस से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल हर्षद कुमार की बाद में दिल्ली के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई थी।पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

