सुशीला देवी, गुरुग्राम। शहर के सुशांत लोक फेज-2 क्षेत्र में गुरुवार को गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच और हथियारबंद बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में चार कुख्यात अपराधी मारे गए, जबकि एक बदमाश घायल हो गया। इस दौरान पुलिस के तीन जवान भी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध स्कॉर्पियो में सवार हथियारबंद बदमाश इलाके में घूम रहे हैं। क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं तो बदमाश एक व्यवसायी के घर पर अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग कर रहे थे। बताया गया कि व्यवसायी को विदेश में बैठे एक इनामी गैंगस्टर की ओर से लगातार फिरौती की धमकियां मिल रही थीं।
पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में पांचों शूटर गोली लगने से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक का इलाज जारी है।
घटना के बाद डीसीपी क्राइम, डीसीपी ईस्ट, एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम की टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि मृत और घायल अपराधियों की पहचान, आपराधिक रिकॉर्ड तथा बरामद हथियारों की जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी।

