समीर शेख, बड़वानी। जिले से एक बड़ी सनसनीखेज खबर सामने आई है। जहां पुलिस ने करीब एक महीने से फरार चल रहे पिता के हत्यारे बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पकड़े जाने के डर से आरोपी पिछले एक महीने से जंगलों में छिपकर रह रहा था और वहीं से सोशल मीडिया के जरिए अपने ही परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहा था। पुलिस ने एक सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर आरोपी को आमलाली के दुर्गम जंगलों से दबोचा है।
ये भी पढ़ें : इंदौर में दिनदहाड़े अनाज व्यापारी का अपहरण! राऊ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, चंद घंटों में बदमाशों के चंगुल से छुड़ाया कारोबारी
आपसी विवाद में की थी पिता की हत्या
घटना बीते 20 अप्रैल 2026 की है, जब ग्राम पीछोड़ी के रहने वाले 33 वर्षीय चंदन ने आपसी विवाद के चलते अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। थाना कोतवाली में आरोपी चंदन के खिलाफ अपराध धारा 103(1) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जंगल से इंस्टाग्राम पर दे रहा था धमकी
मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़वानी पुलिस अधीक्षक (SP) पद्मविलोचन शुक्ल ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की थीं। 21 अप्रैल को पुलिस ने बावनगजा के घने जंगलों में घेराबंदी भी की लेकिन आरोपी पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर भाग निकला।
फरारी के दौरान आरोपी ने दुस्साहस दिखाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डालकर अपने परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार के घर पर 24 घंटे स्थायी सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर दी थी।
मंदिर की छत से कूदकर भागने की कोशिश
थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी बीच 25 मई 2026 को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि आरोपी चंदन आमलाली के घने जंगल में छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस बल ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। सर्चिंग के दौरान आरोपी जंगल में स्थित एक मंदिर के पास दिखाई दिया। पुलिस को सामने देख आरोपी ने भागने के प्रयास में मंदिर की छत से छलांग लगा दी लेकिन मुस्तैद पुलिस जवानों ने उसे चारों तरफ से घेरकर धर दबोचा।
ये भी पढ़ें : घर में आग लगने से मचा हड़कंप, पूजा करते समय लगाई थी अगरबत्ती, आधे घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस
बड़वानी पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी चंदन से फिलहाल घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटा रही है। आरोपी को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।

